Shimla News: हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा तक पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों को इस साल भी फ्री यूनिफॉर्म योजना का लाभ मिलेगा। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने वर्ष 2026-27 के लिए पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में प्रति छात्र 600 रुपये भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शिक्षा विभाग इस राशि को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजेगा। योजना के तहत सभी छात्राओं के साथ-साथ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और बीपीएल वर्ग के छात्रों को 600 रुपये दिए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को समय पर यूनिफॉर्म मिल सकेगी।
पीएम श्री और अन्य सरकारी स्कूलों के लिए अलग निर्देश
प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने इस बार पीएम श्री स्कूलों और अन्य सरकारी विद्यालयों के लिए अलग-अलग पत्र जारी किए हैं। दोनों श्रेणियों के स्कूलों से अलग-अलग प्रस्ताव मांगे गए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य जिलों को समय पर फंड जारी करना है, ताकि विद्यार्थियों के खातों में बिना देरी राशि ट्रांसफर हो सके।
शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशकों को 3 अगस्त तक पात्र विद्यार्थियों का डाटा और कार्यालय के बैंक खाते का विवरण भेजने के निर्देश दिए हैं। सभी स्कूलों से लाभार्थियों का डाटा इकट्ठा कर तय फॉर्मेट में प्रस्ताव निदेशालय को भेजा जाएगा, ताकि प्रक्रिया जल्द पूरी हो सके।