नशे में स्कूल आने और छात्रों की पिटाई करने वाले शिक्षक पर गिरी गाज, शिक्षा विभाग ने दी अनिवार्य सेवानिवृत्ति

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने नशे की हालत में स्कूल आने और विद्यार्थियों की पिटाई करने के आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में दोष सिद्ध होने के बाद संबंधित शिक्षक को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी गई है।

कार्रवाई की जद में आए मोहिंदर सिंह टीजीटी (नॉन-मेडिकल) पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। स्कूल शिक्षा विभाग के निदेशक आशीष कोहली ने इस सिलसिले में आधिकारिक आदेश जारी किए हैं। मामला सामने आने पर आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया था।

शुरुआत में मोहिंदर सिंह चंबा जिले के मिडिल स्कूल रंभो में तैनात थे। निलंबन और जांच प्रक्रिया के दौरान उन्हें कांगड़ा जिले के हाई स्कूल कंड में पदस्थापित किया गया था। जांच रिपोर्ट में उनके खिलाफ लगे सभी आरोपों की पुष्टि हुई है।

जारी आदेशों के मुताबिक आरोपी शिक्षक कई बार शराब के नशे में ड्यूटी पर पहुंचे। उन्होंने सरकारी कार्यों की उपेक्षा की, बिना अनुमति अनुपस्थित रहे और बच्चों से मारपीट की। उनके खिलाफ केंद्रीय सिविल सेवा (सीसीए) नियम 1965 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।

बचाव में शिक्षक ने पैंक्रियाटाइटिस और मानसिक बीमारी से पीड़ित होने का तर्क दिया था। उन्होंने सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया था। हालांकि जांच अधिकारी ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर इन दलीलों को खारिज कर आरोपों को सही पाया।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि शिक्षकों से हमेशा आदर्श आचरण की उम्मीद की जाती है। नशे में स्कूल आना और छात्रों से दुर्व्यवहार करना बेहद गंभीर कदाचार है। इससे पूरी सरकारी शिक्षा व्यवस्था की साख पर बुरा असर पड़ता है।

तथ्यों को ध्यान में रखते हुए विभाग ने 31 जुलाई 2026 से उन्हें अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी है। उनके पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ नियमानुसार तय होंगे। फिलहाल प्रदेश के 71 अन्य शिक्षकों के खिलाफ भी विभागीय जांच की प्रक्रिया जारी है।

इन मामलों में 28 स्कूल प्रिंसिपल, 15 प्रवक्ता, 18 टीजीटी, 4 हेडमास्टर और 6 डीपीई शामिल हैं। 10 शिक्षकों पर पॉक्सो एक्ट, 3 पर यौन उत्पीड़न, 4 पर गबन और 7 पर अनुपस्थित रहने के गंभीर आरोप लगे हैं।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News