Muzaffarpur News: बिहार शिक्षा विभाग ने फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर नौकरी पाने वाले शिक्षकों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। विभाग ने 2006 से 2021 के बीच पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों के जरिए हुई शिक्षक नियुक्तियों में अनियमितताओं की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है।
निदेशक प्रशासन विजय कुमार पांडेय ने 21 नवंबर को सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी कर यह निर्देश दिया है। विभाग ने कहा है कि सतर्कता जांच ब्यूरो की जांच में सर्टिफिकेट फर्जी पाए जाने के बावजूद कई मामलों में नियोजन इकाइयों ने सेवा समाप्ति का अंतिम निर्णय नहीं लिया है और ऐसे शिक्षक अभी भी काम कर रहे हैं और वेतन ले रहे हैं। ऐसे मामलों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
चार श्रेणियों में होगी पहचान
विभाग के मुताबिक, ऐसे मामलों की पहचान चार श्रेणियों में की जाएगी — फर्जी नियुक्ति, प्रतिरूपण, अमान्य संस्थान से प्राप्त सर्टिफिकेट और मान्य संस्थान के नाम पर फर्जी सर्टिफिकेट। जहां नियुक्ति के समय अनिवार्य योग्यता न होने की पुष्टि होगी, वहां सक्षम प्राधिकारी नियमानुसार सेवा समाप्त करेगा।
फर्जी सर्टिफिकेट पर एफआईआर भी होगी
विभाग ने यह भी साफ किया है कि जहां यह साबित हो जाएगा कि किसी ने फर्जी सर्टिफिकेट को असली बताकर नियुक्ति हासिल की है, वहां एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। फर्जी नियुक्ति के मामलों में बिना देर किए विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है और इसके लिए एक अलग चेकलिस्ट भी दी गई है।
गौरतलब है कि यह सतर्कता जांच पटना हाईकोर्ट में रंजीत पंडित और अन्य लोगों द्वारा दायर जनहित याचिका के बाद शुरू हुई थी। हाईकोर्ट ने 25 अगस्त 2015 को जांच का आदेश दिया था और याचिका 3 अप्रैल 2024 को बंद कर दी गई थी।