Mandi News: अटल मेडिकल एवं रिसर्च यूनिवर्सिटी नेरचौक ने नीट यूजी-2026 के तहत एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए प्रथम राउंड की फाइनल मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। राज्य कोटे के सभी पात्र छात्र सरकारी सीटों के साथ निजी मेडिकल कॉलेजों की मैनेजमेंट सीटों के लिए अपनी पसंद भर सकेंगे।
जारी मेरिट लिस्ट में 663 अंक और ऑल इंडिया रैंक 756 के साथ अक्षज शर्मा ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वैष्णवी शर्मा 653 अंकों के साथ दूसरे और रिया दीवान 649 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। प्रद्युन धर्मा 646 अंक लेकर चौथे, दर्शिल ठाकुर पांचवें और सक्षम शर्मा छठे स्थान पर रहे।
काउंसलिंग समिति के सदस्य सचिव ने आरक्षित वर्ग के छात्रों को प्रमाणपत्रों की वैधता जांचने के कड़े निर्देश दिए हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कोई भी गलत, अमान्य या पुराना सर्टिफिकेट देने पर संबंधित कोटे का दावा तुरंत रद्द कर दिया जाएगा। कुल 2747 उम्मीदवारों को इस अंतिम सूची में जगह दी गई है।
प्रशासन ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अंतिम सीट आवंटन पत्र के बिना सीधे कॉलेज न जाएं। सभी छात्रों को अपने कैंडिडेट लॉगिन से प्रोविजनल अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड करना जरूरी होगा। संबंधित कॉलेज की एडमिशन कमेटी द्वारा दस्तावेजों की पूरी जांच और पुष्टि के बाद ही अंतिम प्रवेश को मान्य माना जाएगा।
