एकेटीयू के 30 से अधिक कॉलेजों में दोबारा होंगी प्रैक्टिकल परीक्षाएं, छात्रों के लिए शुरू होगा ‘फेसलेस सिस्टम’

Share

- Advertisement -

Lucknow News: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की सम सेमेस्टर परीक्षा में 30 से अधिक कॉलेजों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्रैक्टिकल परीक्षा के जरूरी दस्तावेज न देने पर विश्वविद्यालय ने इन कॉलेजों में दोबारा प्रैक्टिकल कराने का फैसला लिया है। लापरवाही करने वाले संस्थानों पर कार्रवाई होगी।

30 से अधिक कॉलेज नहीं दे पाए प्रैक्टिकल के जरूरी दस्तावेज

एकेटीयू की सम सेमेस्टर परीक्षाएं 7 मई से 11 जून तक आयोजित हुई थीं। जून महीने में ही प्रैक्टिकल अंक अपलोड करने थे, लेकिन कई कॉलेजों ने ऐसा नहीं किया। जांच समिति के समक्ष 30 से अधिक कॉलेज जियो-टैग्ड फोटो, प्रोजेक्ट फाइलें और उत्तर पुस्तिकाएं पेश नहीं कर सके। इनमें ज्यादातर बी-फार्मा कॉलेज शामिल हैं।

छात्रों के हित में लिया गया दोबारा प्रैक्टिकल का फैसला

एकेटीयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया ने कहा कि विश्वविद्यालय परीक्षा की पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं करेगा। जिन कॉलेजों के पास प्रैक्टिकल अभिलेख नहीं मिले हैं, वहां छात्रों के भविष्य को देखते हुए दोबारा परीक्षा कराई जाएगी। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद जिम्मेदार संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

1 सितंबर से लागू होगा एकेटीयू का ‘फेसलेस स्टूडेंट सिस्टम’

विश्वविद्यालय ने छात्रों की समस्याओं के पारदर्शी समाधान के लिए नई व्यवस्था की तैयारी की है। एकेटीयू 1 सितंबर से ‘फेसलेस स्टूडेंट सिस्टम’ शुरू करने जा रहा है। इस व्यवस्था के लागू होने से प्रदेश के पांच लाख से अधिक छात्र घर बैठे ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकेंगे और तय समय में उनका समाधान होगा।

अनावश्यक भागदौड़ से मिलेगी राहत, लखनऊ मुख्यालय के नहीं काटने होंगे चक्कर

उप परीक्षा नियंत्रक नेहा श्रीवास्तव ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रक्रिया को आसान और जवाबदेह बनाना है। दूरदराज के छात्रों को छोटे कामों के लिए लखनऊ स्थित विश्वविद्यालय मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा। ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायत सीधे संबंधित विभाग को भेजी जाएगी, जिसका समय सीमा में निस्तारण किया जाएगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News