Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के एक शिव मंदिर से चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। एक युवक ने शिवलिंग के चरण स्पर्श कर माफी मांगी और फिर धातु का नाग चुराकर फरार हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
यह मामला अट्ठाईस अगस्त का बताया जा रहा है, जिसका वीडियो फुटेज तेजी से सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवक मंदिर में प्रवेश करता है। वह पूरी श्रद्धा का दिखावा करते हुए शिवलिंग के पास बैठता है, बार-बार हाथ जोड़ता है और शिवलिंग को नमन करता है।
प्रार्थना का नाटक करने के बाद शातिर युवक ने बड़ी सफाई से शिवलिंग पर लगे धातु के नाग रूपी मुकुट को निकाल लिया। इसके बाद उसने धातु के नाग को अपने साथ लाए बैग के अंदर छिपा दिया। वह बिना किसी डर के बेहद आराम से मंदिर परिसर से बाहर निकल गया।
मंदिर के बाहर खड़ी बाइक पर आदियोगी लिखा हुआ एक स्टीकर लगा था। आरोपी उसी बाइक पर सवार होकर मौके से रफूचक्कर हो गया। मंदिर में लगे कैमरे में कैद हुआ यह फुटेज इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय श्रद्धालु मंदिर की पवित्रता भंग होने से काफी नाराज हैं।