आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस के सामने पेश हुए सुधीर शर्मा, 2 घंटे तक 30 सवालों के दिए जवाब

Share

- Advertisement -

Dharamsala News: आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामले में धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा मंगलवार को विजिलेंस दफ्तर में पेश हुए। विजिलेंस अधिकारियों ने उनसे करीब दो घंटे तक सघन पूछताछ की और 30 से अधिक सवालों के जवाब मांगे।

विधायक के साथ हमीरपुर विधायक आशीष शर्मा और पूर्व विधायक अर्जुन ठाकुर भी मौजूद रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने काली पट्टियां बांधकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विजिलेंस कार्यालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

पैतृक जमीन की बिक्री और बैंक रिकॉर्ड की दी पूरी जानकारी

पूछताछ के बाद सुधीर शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपनी पैतृक संपत्ति, निर्माण कार्य, बैंक लेन-देन और इनकम टैक्स रिटर्न से जुड़े सभी तथ्य जांच टीम को सौंप दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एजेंसी के पास भूमि बिक्री की अधूरी जानकारी थी, जबकि वास्तव में 14 रजिस्ट्रियां हुई हैं।

विधायक ने कहा कि डीमैट अकाउंट से बेचे गए शेयरों और बैंक ट्रांजैक्शन का पूरा ब्यौरा जमा करा दिया गया है। वर्ष 2003 से वे चुनावी हलफनामों में अपनी संपत्ति सार्वजनिक करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए विपक्ष पर झूठे केस दर्ज कर रही है।

कांग्रेस ने विजिलेंस दफ्तर के बाहर भीड़ जुटाने पर उठाए सवाल

नगर निगम के पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी ने विधायक के शक्ति प्रदर्शन पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला मंडलों की महिलाओं को गाड़ियों में लाकर जांच को प्रभावित करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच प्रक्रिया के दौरान इस तरह भीड़ जुटाना पूरी तरह अनुचित है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News