Rampur News: रामपुर स्थित किन्नौर की पॉक्सो अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने कुल्लू जिले के 24 वर्षीय युवक को दोषी करार देते हुए 20 साल के कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने दोषी पर 5 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
उप जिला न्यायवादी कमल चंदेल ने मामले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 26 जून 2025 को 15 साल की पीड़िता स्कूल के लिए निकली थी। जब शाम तक वह घर वापस नहीं आई, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। छानबीन में पता चला कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपनी गाड़ी में ले गया था।
गाड़ी में ले जाकर किया था शारीरिक शोषण
पीड़िता के बयानों से सामने आया कि इस घटना से करीब एक महीना पहले भी आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी उसे अपनी गाड़ी में सुनसान सड़क किनारे ले गया था। चूंकि पीड़िता नाबालिग थी, इसलिए पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) के तहत केस दर्ज किया था।
पुलिस ने मामले की तेजी से जांच पूरी करके चालान कोर्ट में पेश किया। मुकदमे की सुनवाई के दौरान अदालत ने कुल 16 गवाहों के बयान और साक्ष्य दर्ज किए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी को दोषी पाया। सरकार की तरफ से केस की पैरवी उप जिला न्यायवादी कमल चंदेल ने की।