मंदसौर में 7 साल की बच्ची से दरिंदगी के बाद हत्या: बरगद के पेड़ के पास मिला शव, 2 आरोपी गिरफ्तार; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

Share

- Advertisement -

Mandsaur News: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह बच्ची का शव गांव में बरगद के पेड़ के खोखले तने के पास मिलने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी जितेंद्र मेहर और उसके सहयोगी दशरथ सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर बाजार बंद कराए और पुलिस अधीक्षक के वाहन के आगे लेटकर प्रदर्शन किया।

गरोठ क्षेत्र में सोमवार को गांव में आयोजित छोड़फाड़ उत्सव के दौरान सात वर्षीय बच्ची अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस तलाश में जुटी थी, लेकिन मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने बरगद के पेड़ के पास बच्ची का रक्तरंजित शव देखा। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर ट्रैक्टर के टायर रखकर दोपहर दो बजे से मार्ग जाम कर दिया और स्थानीय बाजार बंद करवा दिए। स्थिति को संभालने के लिए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।

7 डॉक्टरों की टीम ने किया शॉर्ट पोस्टमॉर्टम

घटना की गंभीरता को देखते हुए 7 डॉक्टरों की टीम ने बच्ची का शॉर्ट पोस्टमॉर्टम किया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। जांच में सामने आया कि बच्ची का गला घोंटा गया था और सिर पर भारी पत्थर से वार कर उसे कुचला गया था। इसके अलावा चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट व खरोंच के गंभीर निशान भी पाए गए हैं।

संतरा खिलाने का लालच देकर ले गया था आरोपी

एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के अनुसार, हिरासत में लिए गए 35 वर्षीय मुख्य आरोपी जितेंद्र मेहर ने पूछताछ में बताया कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे उसने बच्ची को देखा था। उसने संतरा खिलाने का लालच देकर बच्ची को अपने साथ लिया और अपने घर से करीब 500 फीट दूर स्थित एक पुराने बरगद के पेड़ के पास ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी गरोठ के माली मोहल्ले का निवासी है और बच्ची के पिता के साथ मजदूरी का काम करता था।

पुलिस को गुमराह करने का प्रयास

वारदात के बाद आरोपी जितेंद्र ने अपने शरीर पर ब्लेड के कट दिखाकर पुलिस को यह कहकर गुमराह करने की कोशिश की कि कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। हालांकि, पुलिस की कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके सहयोगी दशरथ सिंह को भी हिरासत में ले लिया है।

मंदसौर के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना कर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है ताकि मामले में त्वरित और कठोर न्याय सुनिश्चित किया जा सके।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News