मेरठ में अमित कश्यप हत्याकांड में मौत की सजा के बाद जेल में बेचैन दिखे दोषी रविता और अमरदीप

Share

- Advertisement -

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड में अदालत से फांसी की सजा मिलने के बाद दोषी रविता और अमरदीप की पहली रात जेल में बेहद बेचैनी के बीच गुजरी। जेल प्रशासन ने तुरंत दोनों की सुरक्षा कड़ी करते हुए उन्हें अलग-अलग नई बैरकों में शिफ्ट कर दिया है।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को फैसला आने के बाद से दोनों परेशान दिखे। जेल में महिला डॉक्टर ने रविता का मेडिकल टेस्ट किया और आवश्यक दवाइयां दीं। समय पर दवा मिलने के बाद अब उसकी तबीयत पूरी तरह से ठीक और सामान्य बताई जा रही है।

जेल प्रशासन ने दोनों दोषियों की सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई

जेल प्रशासन ने दोनों की सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त कर दी है। रविता को कैदी नंबर 399/2026 और अमरदीप को कैदी नंबर 400/2026 दिया गया है। इसके साथ ही रविता को बैरक नंबर 12ए और अमरदीप को बैरक नंबर 1ए में भेजा गया है। मृत्युदंड की सजा मिलने के बाद उनसे कोई मिलने नहीं आया।

अमरदीप को उसी बैरक में रखा गया है, जिसमें सौरभ राजपूत हत्याकांड में फांसी की सजा पाया साहिल शुक्ला पहले से बंद है। दोनों दोषियों को सजायाफ्ता कैदियों की नई ड्रेस में बैरकों तक भेजा गया। उनकी कड़ी निगरानी के लिए बैरकों के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा स्टाफ को तैनात किया गया है।

जेल अधिकारियों ने बताया कि सौरभ राजपूत हत्याकांड में सजा पाए मुस्कान और साहिल की तबीयत भी सामान्य है। जेल में चारों दोषियों की नियमित काउंसलिंग कराई गई है। रविता पहले से बैग बनाने का काम कर रही थी। अमरदीप को भी जेल के तय नियमों के आधार पर जल्दी ही काम सौंपा जाएगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News