मेरठ में अग्निवीर भर्ती के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार, मिलिट्री इंटेलिजेंस और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

Share

- Advertisement -

Meerut News: मेरठ में मिलिट्री इंटेलिजेंस और पुलिस की संयुक्त टीम ने अग्निवीर भर्ती के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित रि-मेडिकल और नौकरी लगवाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से रुपये और मूल दस्तावेज ऐंठता था। उसके पास से 12 मूल प्रमाण पत्र बरामद किए गए हैं।

मेरठ पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस (एमआई) की संयुक्त टीम ने अग्निवीर भर्ती में चयन और रि-मेडिकल कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले आरोपित मतपाल को गिरफ्तार किया है। लालकुर्ती थाना पुलिस और स्वाट टीम नगर ने मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर कार्रवाई करते हुए कैंट स्थित इंडियाना बार रोड से आरोपित को दबोचा। पुलिस ने उसके कब्जे से अभ्यर्थियों की 12 मूल मार्कशीट और प्रमाण पत्र बरामद किए हैं।

शिकायत के बाद मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर बिछाया जाल

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को पीड़ित अभिषेक सैनी ने थाना लालकुर्ती में तहरीर दी थी। आरोप था कि मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र स्थित सहदोली निवासी मतपाल पुत्र राम सिंह ने सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर उससे और अन्य अभ्यर्थियों से रुपये तथा मूल शैक्षिक दस्तावेज ले लिए।

तहरीर मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी कैंट के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के आधार पर घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। इस संयुक्त कार्रवाई में लालकुर्ती थानाध्यक्ष विजय कुमार, स्वाट टीम नगर प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष शर्मा, उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह बघेल और हेड कांस्टेबल लोकेश कुमार शामिल रहे।

रि-मेडिकल और चयन का झांसा देकर ऐंठे मूल दस्तावेज

पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपित अभ्यर्थियों को सेना अस्पताल में रि-मेडिकल कराने और नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। सहारनपुर में हुई भर्ती रैली में सफल अभ्यर्थियों का विस्तृत मेडिकल परीक्षण मेरठ कैंट स्थित मिलिट्री अस्पताल में चल रहा था। इसी प्रक्रिया का लाभ उठाकर आरोपित ने अभ्यर्थियों को भरोसे में लिया और उनसे नकदी समेत मूल दस्तावेज हासिल किए।

तलाशी के दौरान आरोपित के पास से तीन हाईस्कूल मार्कशीट, तीन इंटरमीडिएट मार्कशीट, तीन जाति प्रमाण पत्र और तीन निवास प्रमाण पत्र समेत कुल 12 मूल दस्तावेज बरामद हुए हैं।

13 जिलों के अभ्यर्थियों के लिए आयोजित हुई थी भर्ती रैली

सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) मेरठ के तहत आने वाले 13 जिलों—सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर, मुरादाबाद, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, बागपत, गाजियाबाद, मेरठ और हापुड़ के युवाओं के लिए 17 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक सहारनपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में भर्ती रैली आयोजित की गई थी। मुख्यालय भर्ती क्षेत्र (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के सहयोग से आयोजित इस रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल और ट्रेड्समैन श्रेणियों के लिए चयन प्रक्रिया हुई थी।

पुराना आपराधिक इतिहास, साथियों की तलाश जारी

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपित मतपाल के खिलाफ वर्ष 2020 में मुरादाबाद के कांठ थाने में मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी देने से संबंधित आईपीसी की धाराओं 323, 427, 452 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस अब विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है, साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य संभावित साथियों की भी तलाश की जा रही है।

सेना भर्ती कार्यालय और प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि सेना में भर्ती पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता पर आधारित होती है। किसी भी बिचौलिए या नौकरी का दावा करने वाले के झांसे में न आएं और अपने मूल दस्तावेज किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को न सौंपें।

Read more

Related News