Shimla News: शिमला जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्ती जारी रखते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। ठियोग पुलिस की डिटेक्शन सेल टीम ने फागू कंट्रोल रूम के पास एक कार की तलाशी के दौरान दो युवकों के कब्जे से करीब 9 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर फागू कंट्रोल रूम के समीप खड़ी एक संदिग्ध कार की तलाशी ली गई। इस दौरान कार में सवार सचिन वर्मा (27) और निखिल ठाकुर (26), दोनों निवासी ठियोग क्षेत्र, जिला शिमला, के कब्जे से लगभग 9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि थाना ठियोग में एफआईआर संख्या 158-2026, दिनांक 29 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के प्राविधानों के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की गहन छानबीन जारी है ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जा सके।