Mumbai News: महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने राज्य भर में मिलावटी और गैरकानूनी दवाओं के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की है। जून से अगस्त के बीच विभाग ने 880 दवा निर्माण इकाइयों और खुदरा दुकानों पर कार्रवाई करते हुए 11.41 करोड़ रुपये की अवैध दवाएं और सौंदर्य उत्पाद जब्त किए हैं। कमिश्नर तुकाराम मुंडे की अगुवाई में यह अभियान चलाया गया।
विभाग की टीमों ने पिछले तीन महीनों में कुल 2,902 ठिकानों पर सघन जांच अभियान चलाया। इनमें 607 दवा निर्माण फैक्ट्रियां और 2,295 मेडिकल स्टोर शामिल थे। निरीक्षण के दौरान तय मानकों का उल्लंघन करने पर 140 निर्माण इकाइयों और 740 दवा विक्रेताओं के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की गई है।
203 लाइसेंस रद्द, 21 गिरफ्तार और दर्जनों मेडिकल स्टोर्स पर बड़ी कार्रवाई
दवा सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर 677 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि गंभीर खामियों वाले 203 लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कर दिए गए। पूरे अभियान के दौरान 104 जब्ती अभियान चलाए गए, जिनमें 20 एफआईआर दर्ज कर 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पिछले पूरे वित्त वर्ष में 13.64 करोड़ रुपये का माल पकड़ा गया था।
जांच में बिना फार्मासिस्ट दवा बेचने, बिना पर्चे के शेड्यूल दवाएं देने, नकली दवाएं बनाने और इंसुलिन जैसे संवेदनशील उत्पादों के अनुचित रखरखाव का खुलासा हुआ। कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने स्पष्ट किया कि सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना पहली प्राथमिकता है। नियम तोड़ने वालों पर आगे भी ऐसी ही सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।