न ओटीपी मांगा, न कोई कॉल आया, फिर भी मधुबनी में यूपीआई से उड़ गए 10.30 लाख रुपये

Share

- Advertisement -

District News: बिहार के मधुबनी जिले में साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से बिना ओटीपी या कॉल के यूपीआई के माध्यम से 10 लाख 30 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली। पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी और बैंक पहुंचने पर धोखाधड़ी का पता चला। साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले में साइबर अपराधियों ने बिस्फी थाना क्षेत्र के छछुआ निवासी मो. कैस के पुत्र मो. आसिफ के बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से 10 लाख 30 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली। खाते से लगातार राशि निकलती रही, लेकिन पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी। बैंक पहुंचने पर धोखाधड़ी का पता चला तो उसके होश उड़ गए।

इस संबंध में बिस्फी थाना क्षेत्र के छछुआ निवासी मो. आसिफ ने साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने राशि वापस कराने और जिन खातों में रुपये हस्तांतरित किए गए हैं, उन्हें तत्काल होल्ड कराने की मांग की है। आवेदन के अनुसार, 22 जनवरी 2026 से ही उनके बैंक खाते से बिना जानकारी और अनुमति के यूपीआई के माध्यम से रुपये कटने लगे थे। अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 10 लाख 30 हजार रुपये की निकासी कर ली गई।

पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस बैंक स्टेटमेंट, यूपीआई ट्रांजेक्शन आईडी और राशि प्राप्त करने वाले बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही संबंधित मोबाइल नंबरों की भी जांच की जा रही है, ताकि ठगी में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि राशि किन खातों में भेजी गई और उन खातों में कितनी रकम शेष है। उपलब्ध राशि को होल्ड कराने की प्रक्रिया भी जांच का अहम हिस्सा है।

घटना के बाद साइबर ठगी को लेकर एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। खाते से होने वाली छोटी रकम की अनधिकृत निकासी को भी गंभीरता से लें और तत्काल बैंक तथा साइबर थाना को सूचना दें।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News