Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) कार्यालय में दबंगई का मामला सामने आया है। कार्यालय में घुसकर कार्यकर्ताओं के साथ गाली-गलौज करने और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
सुभासपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता व मारपीट
सुभासपा के प्रदेश कार्यालय प्रभारी धर्म प्रकाश चौधरी की तहरीर के अनुसार 12 अगस्त को राशिद अली नाम का व्यक्ति कार्यालय में आया। आरोप है कि उसने आते ही कार्यकर्ताओं से अभद्रता की। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी और पिस्टल निकालकर गोलियां चलाने की धमकी दी। हंगामा बढ़ने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
डॉ. अरविंद राजभर को धमकी, पुलिस जांच में जुटी
तहरीर में बताया गया कि आरोपी ने कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बेटे डॉ. अरविंद राजभर को भी जान से मारने की धमकी दी। आरोपी के भागने की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। हजरतगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच एसआई मनोज कुमार मिश्रा को सौंपी है। पुलिस फुटेज के आधार पर तलाश कर रही है।
घटना पर राजनीतिक बयानबाजी तेज, सपा पर लगाए आरोप
इस घटना के सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधा। राजभर का आरोप है कि कार्यालय में हमला करने वाला व्यक्ति सपा का कार्यकर्ता है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।