Kullu News: कुल्लू जिले में ऑनलाइन ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुल्तानपुर निवासी एक व्यक्ति को वाहन चालान का फर्जी मैसेज भेजकर साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से 6 लाख 87 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता लोकेंद्र ठाकुर ने बताया कि 19 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए एक मैसेज आया था। इसमें दावा किया गया कि उनके वाहन का 1000 रुपये का चालान कटा है। मैसेज में चालान भरने के लिए एक लिंक भी भेजा गया था, जिस पर क्लिक करते ही वे ठगी का शिकार बन गए।
केनरा बैंक खाते से हुए 6 अनधिकृत ट्रांजैक्शन, 6.87 लाख की भारी चपत
लिंक पर क्लिक करने के कुछ दिनों बाद 22 अक्टूबर को पीड़ित के केनरा बैंक खाते से अचानक छह अवैध लेन-देन हुए। इसके जरिए साइबर अपराधियों ने खाते से 6.87 लाख रुपये निकाल लिए। बैंक से पैसे कटने के मैसेज आने पर पीड़ित को धोखाधड़ी का पता चला और उन्होंने फौरन पुलिस में शिकायत दी।
कुल्लू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से ठगों के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है। पुलिस ने आम जनता को सलाह दी है कि वे अनजान व्हाट्सएप लिंक पर भूलकर भी क्लिक न करें।