Shimla News: शिमला पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कोटखाई में लगभग 8 क्विंटल एसीएसआर एल्यूमिनियम कंडक्टर तार चोरी मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला कोटखाई पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया था।
विद्युत उपमंडल कोटखाई क्षेत्र में एचटी लाइन निर्माण के लिए करीब 8 क्विंटल एसीएसआर कंडक्टर तार लाई गई थी। 12 और 13 जुलाई 2026 की रात अज्ञात चोरों ने इस तार को चुरा लिया था। चोरी गई तार की कुल अनुमानित कीमत करीब 2.5 से 3 लाख रुपये बताई गई थी।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए आरोपी
मामले की जांच के दौरान शिमला पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। एएनपीआर और सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर संदिग्ध वाहनों की पहचान की गई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने जिला मंडी में दबिश देकर तीन शातिर आरोपियों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सूरज (27 वर्ष) निवासी भ्युली, आकाश (24 वर्ष) निवासी दयारगी और राहुल निवासी भ्युली के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी जिला मंडी के रहने वाले हैं। पुलिस टीम ने पूरी योजना बनाकर मंडी में रेड मारते हुए तीनों को हिरासत में लिया।
वारदात में इस्तेमाल गाड़ियां और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्विफ्ट डिजायर कार और एक पिकअप वाहन बरामद किया है। इसके अलावा उनके पास से 40 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। पुलिस इस गिरोह के अन्य संभावित अपराधों की भी गहराई से पड़ताल कर रही है।
तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय एसीजेएम ठियोग के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है। चोरी के इस बड़े मामले का पर्दाफाश होने से क्षेत्र के लोगों ने पुलिस विभाग की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है।