Kolkata News: कोलकाता के सरसुना इलाके में एक नाबालिग, उसके पिता और दोस्त को कथित तौर पर बंधक बनाकर निर्वस्त्र घुमाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना के रीक्रिएशन के तहत तीनों आरोपियों को उसी इलाके में पैदल चलवाया। मामले में प्रेम प्रसंग के विवाद के बाद बंदूक दिखाकर मारपीट और अपमानित करने का आरोप है।
कोलकाता के बेहाला स्थित सरसुना थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़के, उसके पिता और दोस्त को कथित तौर पर निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को पुलिस मंगलवार को घटनास्थल पर लेकर पहुंची। पुलिस ने तीनों आरोपियों को खुदीराम पल्ली इलाके की उन्हीं गलियों में पैदल चलवाया, जहां पीड़ितों को कथित तौर पर घुमाया गया था। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी शॉर्ट्स पहने हुए थे, उनके पैरों में जूते-चप्पल नहीं थे और कमर में रस्सियां बंधी हुई थीं।
नाबालिग लड़की के पिता, मामा और भाई गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नाबालिग लड़की के पिता, मामा और बड़े भाई के रूप में हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, लड़की और पीड़ित नाबालिग के बीच प्रेम संबंध था। रविवार को हुई इस कथित घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए थे। इसके दो दिन बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर मौके पर यह कदम उठाया। स्थानीय लोगों ने इसे त्वरित कार्रवाई के रूप में देखा, हालांकि पुलिस का कहना है कि यह जांच का हिस्सा है और सभी पहलुओं की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
मिलने पहुंचे नाबालिग और उसके दोस्त को बंधक बनाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार शाम की है जब 17 वर्षीय नाबालिग अपने एक दोस्त के साथ सरसुना क्षेत्र में रहने वाली अपनी परिचित नाबालिग लड़की से मिलने पहुंचा था। आरोप है कि दोनों को साथ देखकर लड़की के मामा के एक परिचित ने इसकी सूचना उसके परिवार को दी। इसके बाद लड़की के पिता और मामा मौके पर पहुंचे और दोनों लड़कों को खुदीराम पल्ली स्थित एक मकान में ले जाकर बंधक बना लिया। वहां दोनों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और बाद में लड़के के पिता को फोन करके बुलाया गया।
बंदूक के बल पर धमकी और निर्वस्त्र घुमाने का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब नाबालिग के पिता वहां पहुंचे तो उन पर भी हमला किया गया। आरोप है कि लड़की के मामा ने कथित रूप से बंदूक निकालकर धमकी दी कि पिता अपने बेटे को गोली मार दें या फिर दोनों उसके दोस्त समेत बिना कपड़ों के सड़क पर चलें। पीड़ित पक्ष का कहना है कि जान बचाने के लिए उन्हें निर्वस्त्र होने पर मजबूर होना पड़ा।
इसके बाद तीनों को लगभग 50 मीटर तक गली में घुमाया गया, जिसका आसपास के लोगों ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। मामले में पीड़ितों को कांच की बोतलों से पीटने और नाबालिग की मां के साथ भी कथित तौर पर हाथापाई करने का आरोप सामने आया है, जिसके बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अवैध हथियार के इस्तेमाल और मारपीट से जुड़े सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है।