Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर देर रात की गई छापेमारी में छह आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस इसे जिले के इतिहास में सट्टेबाजी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मान रही है।
किराए के मकान से संचालित हो रहा था बड़ा सट्टा गिरोह
कांगड़ा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बीरता गांव स्थित एक मकान पर दबिश दी। पकड़े गए आरोपियों में स्थानीय लोगों के साथ बिहार और अन्य राज्यों के युवक भी शामिल हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में इलैक्ट्रॉनिक सामान, 41 मोबाइल फोन और 7 लैपटॉप बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह क्रिकेट और फुटबॉल मैचों में विभिन्न ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टेबाजी करवाता था। मैचों में ओवर के रन या विकेट जैसी छोटी गतिविधियों पर माइक्रो बैटिंग कराई जाती थी। सट्टे की रकम के लेनदेन के लिए किराए के बैंक खातों का इस्तेमाल हुआ।
म्यूल बैंक खातों और जब्त डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच
आरोपी व्हाट्सएप के जरिए अपने मुख्य सरगना के सीधे संपर्क में थे और लाखों का लेन-देन कर रहे थे। गिरोह के अन्य साथी सतर्क होकर भाग न जाएं, इसलिए पुलिस ने अभी पकड़े गए आरोपियों के नाम उजागर नहीं किए हैं। पुलिस जब्त मोबाइल और लैपटॉप की फोरेंसिक जांच करवाकर मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है।