हिमाचल में जेई हत्याकांड के आरोपी डॉक्टर दंपति समेत चार की रिमांड अवधि 5 दिन और बढ़ी

Share

- Advertisement -

Mandi News: जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया हत्याकांड में आरोपी डॉक्टर दंपति, उनके देवर और ससुर की पुलिस रिमांड अवधि बढ़ा दी गई है। पुलिस 7 अगस्त को चारों आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश करेगी। रिमांड की अवधि 5 दिन बढ़ाई गई है।

ब्लड सैंपल का मृतक के कपड़ों के खून से होगा मिलान

पुलिस ने सोमवार को रिमांड अवधि पूरी होने पर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने पूछताछ और बरामदगी बाकी होने का तर्क देकर रिमांड बढ़ाने की मांग की थी। पुलिस ने बीते दिन आरोपियों के ब्लड सैंपल लिए हैं, जिन्हें लैब में मृतक के कपड़ों के खून से मिलाया जाएगा।

पूछताछ में आरोपी सिर्फ हाथों से पीटने की बात कह रहे हैं। हालांकि, मृतक के शरीर पर बने गहरे घावों को देखकर पुलिस का मानना है कि वारदात में लाठी या रॉड का इस्तेमाल हुआ है। इसी बिंदु पर सच सामने लाने के लिए पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है।

चुप रहने के कारण कस गया कानून का शिकंजा

वारदात के दौरान महिला डॉक्टर ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया था और पुलिस को सूचना देना चाही थी। हालांकि पति और ससुर ने उसकी बात नहीं मानी। इसके बाद करीब एक हफ्ते तक चुप रहने के कारण महिला डॉक्टर भी आरोपी बन गई। डॉक्टर दंपति को पहले ही सस्पेंड किया जा चुका है।

पुलिस अब घटना के आसपास के इलाके की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। एसपी मदन लाल ने चारों आरोपियों का रिमांड 5 दिन बढ़ाए जाने की पुष्टि की है। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की पूछताछ में और अहम सबूत हासिल होंगे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News