Himachal Pradesh Landslide: लाहौल स्पीति के पांगी-उदयपुर मार्ग पर चलती गाड़ी पर गिरा पहाड़, 13 लोगों की दर्दनाक मौत

Share

- Advertisement -

Lahaul Spiti News: हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिले में पांगी-उदयपुर मार्ग पर एक भयानक सड़क हादसा हुआ है. यहां एक चलती टाटा सूमो गाड़ी पर अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और चट्टानें गिर गईं. इस दर्दनाक हादसे में गाड़ी में सवार 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है.

लाहौल घाटी से लगभग 60-70 किलोमीटर दूर कुडूनाला के पास यह घटना सामने आई है. टैक्सी में कुल 15 लोग सवार थे, जिनमें से दो लोग पूरी तरह स्वस्थ हैं. भरमौर-पांगी के विधायक जनक राज ने बताया कि मृतकों में छह महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है. सभी मृतक पांगी घाटी के बताए जा रहे हैं.

राहत कार्य में जुटी पुलिस और सेना की टीमें

हादसे के तुरंत बाद गाड़ी के पिछले हिस्से में आग लग गई. सामने आए वीडियो में भारतीय सेना के जवान और स्थानीय लोग पानी डालकर आग बुझाते दिख रहे हैं. गाड़ी के परखच्चे उड़ चुके हैं. लाहौल स्पीति पुलिस की टीम सूचना मिलते ही तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर रवाना हुई.

उदयपुर-किलाड़ मार्ग बंद होने के कारण सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे. रास्ता खुलते ही वे पांगी की ओर बढ़े, तभी कडू नाला के पास यह हादसा हो गया. विधायक जनक राज ने चंबा और लाहौल स्पीति के जिलाधीश से राहत कार्यों में तेजी लाने की अपील की है ताकि घायलों की मदद की जा सके.

विधायक और अधिकारियों ने जताई हादसे पर संवेदना

लाहौल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा और डीएसपी रश्मि शर्मा ने हादसे की दुखद खबर की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच रहे हैं. मृतकों की संख्या और उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है. प्रशासन प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद कर रहा है.

बता दें कि इससे पहले शुक्रवार सुबह मंडी जिले के जोगिंद्रनगर स्थित गुम्मा में भी लैंडस्लाइड हुआ था. सिमसा माता मंदिर जा रहे कुल्लू के दो परिवारों की गाड़ी इसकी चपेट में आ गई थी. उस हादसे में भी एक महिला की मौत हो गई थी और सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे.

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News