पत्नी की हत्या के आरोपी रामानुज गोस्वामी की मौत, गुवाहाटी में चलती पुलिस वैन से लगाई थी छलांग

Share

- Advertisement -

Guwahati News: अपनी पत्नी रिया तालुकदार की नृशंस हत्या करने के आरोपी रामानुज गोस्वामी की सोमवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस जब उसे मेडिकल जांच के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जा रही थी, तभी उसने नरकासुर पहाड़ी के पास चलती सरकारी गाड़ी से अचानक छलांग लगा दी।

गाड़ी से कूदने के कारण आरोपी के सिर में बेहद गंभीर चोट आई, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आरोपी की सात दिनों की पुलिस रिमांड रविवार को पूरी हो चुकी थी। सोमवार को उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत संबंधित अदालत में पेश किया जाना तय था, लेकिन उससे पहले ही यह घटना घट गई।

झगड़े के बाद की थी बर्बरतापूर्ण हत्या

रामानुज और रिया का विवाह पिछले साल 22 सितंबर को हुआ था। तीन सितंबर की सुबह कथित प्रेम संबंध को लेकर दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर पेशे से कैब ड्राइवर रामानुज ने धारदार हथियार से पत्नी की हत्या कर दी और उसका सिर धड़ से पूरी तरह अलग कर दिया।

क्रूरता की हद पार करते हुए आरोपी ने पत्नी के कटे हुए सिर को घर के फ्रिज में छिपा दिया था। यह दंपति गुवाहाटी के बेलटोला स्थित बशिष्ठपुर इलाके के एक किराए के फ्लैट में रहता था। वारदात के तीन दिन बाद छह सितंबर को आरोपी ने खुद पुलिस के सामने जाकर आत्मसमर्पण किया था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसी रात फ्लैट से मृतका का धड़ और फ्रिज से सिर बरामद किया था। हिरासत के दौरान मेडिकल जांच पर ले जाते समय आरोपी ने मीडिया के सामने कहा था कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। सूत्रों के मुताबिक वह नशे का आदी भी रहा था।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News