शाहजहांपुर में ग्राम पंचायत सचिव ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष को दी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया केस

Share

- Advertisement -

Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में ग्राम पंचायत सचिव की दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक सचिव पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष को फोन पर भद्दी गालियां देने और गोली मारने की धमकी का आरोप लगा है। पीड़ित नेता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

डेथ सर्टिफिकेट के काम को लेकर की थी कॉल

गुरगवां गांव निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम नारायण मिश्रा ने पुलिस को इस बारे में शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि शनिवार को परसरा परसरी गांव के रहने वाले विजय सिंह उनके पास मदद के लिए आए थे। विजय ने बताया कि उनके पिता प्रेमपाल सिंह के मृत्यु प्रमाण पत्र की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं, लेकिन फाइल सचिव के पास अटकी है।

कॉल करने पर भड़का सचिव, दी हत्या की धमकी

इसके बाद पूर्व जिलाध्यक्ष ने ग्राम पंचायत सचिव अवनीश सिंह को फोन कर दस्तावेज की स्थिति पूछी। आरोप है कि सवाल सुनते ही सचिव गुस्से में आ गया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगा। विरोध करने पर उसने कहा, “गोली मारकर हत्या कर देंगे। योगी बाबा तुम्हें बचाने नहीं आएंगे। अब ज्यादा दिन तक तुम्हारी सरकार रहने वाली नहीं है। तुम जहां मिलोगे वहीं गोली मार देंगे।”

ब्लॉक प्रमुख ने भी सचिव को बताया भ्रष्ट

घटना के तुरंत बाद पीड़ित भाजपा नेता ने निगोही के ब्लॉक प्रमुख भानु प्रताप सिंह और खंड विकास अधिकारी को पूरे मामले की जानकारी दी। ब्लॉक प्रमुख ने भी आरोपी सचिव को मनबढ़ और भ्रष्ट करार दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी सचिव अवनीश सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News