Gurdaspur News: जिले में आपराधिक वारदातों और लूटपाट की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बुधवार शाम जिम से अपने घर लौट रहे एक युवक को नकाबपोश लुटेरों ने निशाना बनाकर उससे सोने की चेन छीन ली।
थाना धारीवाल के अंतर्गत जफरवाल से मल्हियां फकीरां जाने वाली सड़क पर यह वारदात हुई। चार नकाबपोश बाइक सवार लुटेरों ने स्कूटी सवार युवक को रोककर उसके गले से डेढ़ तोले सोने की चेन झपट ली और तुरंत मौके से भाग निकले।
वारदात के दौरान गिरा लुटेरे का महंगा मोबाइल
पीड़ित आशीष निवासी गांव फैजुलाउल्लाह चक्क ने बताया कि वह रोजाना की तरह जफरवाल स्थित जिम से कसरत कर स्कूटी से घर लौट रहा था। रास्ते में कपड़े से मुंह ढके चार युवकों ने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से उसका रास्ता रोक लिया।
युवक के विरोध के बावजूद आरोपियों ने जबरन उसके गले से सोने की चेन छीन ली। हालांकि भागते समय एक लुटेरे का एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन वहीं गिर गया। पीड़ित ने सूझबूझ दिखाते हुए भागते बदमाशों का वीडियो भी बना लिया।
पुलिस ने मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू की
पीड़ित आशीष के पिता रॉबिन मसीह ने घटना की तुरंत सूचना धारीवाल थाना पुलिस को दी। पुलिस को घटनास्थल से बरामद हुआ लुटेरों का मोबाइल फोन और पीड़ित द्वारा बनाया गया वीडियो साक्ष्य के रूप में सौंप दिया गया है।
थाना धारीवाल के एसएचओ इंस्पेक्टर अमृतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। मौके से मिले मोबाइल फोन और वीडियो फुटेज की मदद से लुटेरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।