Guna News: मध्य प्रदेश के गुना में एक सरकारी टीचर पर 12वीं की एक छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने का आरोप लगा है। आरोप है कि गणित के शिक्षक ने छात्रा पर फिजिकल रिलेशन बनाने के लिए दबाव डाला और उसे आपत्तिजनक मैसेज भेजे। छात्रा की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को स्कूल से ही गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने छात्रा को अपने साथ बाहर खाना खाने के लिए बुलाया और उसे आपत्तिजनक मैसेज भी भेजे। छात्रा के अनुसार, जब उसने शिक्षक की इन हरकतों का विरोध किया, तो आरोपी ने उसे परीक्षा में कम अंक देने और शैक्षणिक नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
इस मानसिक तनाव से परेशान होकर छात्रा ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद मामला अधिकारियों के सामने आया। परिजनों ने स्कूल प्रशासन, जिला शिक्षा विभाग और पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके साथ साक्ष्य भी सौंपे गए।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।