गोरखपुर में सर्राफा कारोबारी की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, एक लाख रुपये के कर्ज के लिए हुई थी वारदात

Share

- Advertisement -

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बेलीपार थाना क्षेत्र स्थित कनइल कसिहार बंधे पर हुई बुजुर्ग सर्राफा व्यवसायी रामलाल वर्मा (70) की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रिंस पांडेय समेत तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, आरोपी प्रिंस पांडेय ने कर्ज के एक लाख रुपये हड़पने की नीयत से अपने ममेरे भाई और दोस्त के साथ मिलकर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया था।

बाइक खरीदने के लिए लिया था कर्ज, चुकाने से बचने को रचा षड्यंत्र

एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि मलाव निवासी मुख्य आरोपी प्रिंस पांडेय ने बाइक खरीदने के लिए रामलाल वर्मा से एक लाख रुपये उधार लिए थे। व्यापारी द्वारा लगातार पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची।

बुधवार सुबह आरोपी प्रिंस अपने ममेरे भाई अंशु दुबे के साथ पहुंचा और दुकान छोड़ने के बहाने व्यापारी को बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में मंदिर दर्शन के बहाने बाइक रोकी और पीछे से हाथ पकड़कर गर्दन पर हमला कर दिया। हत्या के बाद शव को नदी में फेंककर आरोपी फरार हो गए।

आभूषण और नकदी बरामद, पुलिस की मुस्तैदी से शांत हुआ व्यापारियों का गुस्सा

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारों के पास से लूटी गई सोने की चेन, लॉकेट, अंगूठी और 6,595 रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

घटना के विरोध में गुरुवार सुबह स्थानीय व्यापारियों ने दुकानें बंद रखकर कड़ा प्रदर्शन किया था। हालांकि, शाम होते-होते पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और सफल खुलासे के बाद व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News