Delhi News: बाहरी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-3 में 60 वर्षीय बुजुर्ग राकेश खन्ना की संदिग्ध हालात में हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार हत्या की साजिशकर्ता कोई बाहरी नहीं, बल्कि मृतक के साले की बेटी सिमरन निकली। पुलिस ने मुख्य आरोपी सिमरन, उसके जिम प्रेमी हिमांशु और दो अन्य साथियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि राकेश खन्ना ने हाल ही में अस्सी लाख रुपये का एक फ्लैट बेचा था। उस रकम से उन्होंने भारी मात्रा में सोना खरीद लिया था। इस बात की जानकारी सिमरन को लग गई थी। इसके बाद उसने प्रेमी के साथ मिलकर करोड़ों का सोना लूटने की खौफनाक योजना तैयार की।
मेले के बहाने परिजनों को घर से बाहर भेजा
प्लान के तहत सिमरन ने अपनी मौसी और अन्य परिजनों को मेला दिखाने के बहाने घर से बाहर भेज दिया। इसके पीछे मकसद बुजुर्ग को घर में अकेला छोड़ना था। परिजनों के निकलते ही सिमरन ने मकान का सेंट्रल लॉक खोल दिया। फिर उसके साथी चिराग और पारस घर के अंदर दाखिल हो गए।
दोनों आरोपियों ने अकेले पड़े बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी। इस दौरान सिमरन और उसका बॉयफ्रेंड हिमांशु बिल्डिंग के बाहर खड़े होकर निगरानी रख रहे थे। वारदात के बाद आरोपियों ने पूरे घर की तलाशी ली, लेकिन वे केवल डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सामान्य ज्वेलरी ही लूट पाए।
छिपा रखा था सोना, नहीं लगा सुराग
बुजुर्ग राकेश खन्ना ने अस्सी लाख रुपये का सोना किसी सुरक्षित गुप्त स्थान पर पहले ही छिपा रखा था। पूरी कोशिश के बावजूद हत्यारों को उस सोने की भनक तक नहीं लग सकी। घर का सामान बिखेरने के बाद सभी आरोपी डेढ़ लाख के जेवर लेकर मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पकड़े गए चारों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।