आईजीआई एयरपोर्ट पर तस्करी का नया ट्रेंड: सिंथेटिक ड्रग्स, कोकेन और 264 किलो गांजा जब्त; 19 तस्कर गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Delhi News: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर नशा तस्करी के बदलते तौर-तरीकों ने कस्टम विभाग की सतर्कता बढ़ा दी है। तस्कर अब पारंपरिक गांजे के साथ-साथ गंधहीन सिंथेटिक ड्रग्स और कोकेन की तस्करी के लिए नए तरीके अपना रहे हैं। अक्टूबर माह के दौरान कस्टम विभाग ने कार्रवाई करते हुए 264 किलो से अधिक गांजा, सिंथेटिक ड्रग्स और कोकेन बरामद की है। इसके साथ ही सोने, कीमती पत्थरों और लग्जरी घड़ियों की तस्करी के मामलों में कुल 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

कस्टम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी में 15 और सोने व लग्जरी सामान की तस्करी में 4 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। अक्टूबर के दौरान मनीला से पहुंचे एक यात्री के पास से सीलबंद खाद्य सामग्री के पैकेट में छिपाकर लाई गई लगभग पांच किलो संदिग्ध सिंथेटिक ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब पांच करोड़ रुपये आंकी गई है।

पेट में 70 कैप्सूल और कार्गो में छिपाकर लाया गया नशा

कस्टम अधिकारियों के अनुसार 28 अक्टूबर को गिनी से अदीस अबाबा के रास्ते दिल्ली पहुंचे एक विदेशी नागरिक को पकड़ा गया। चिकित्सकीय जांच के बाद उसके पेट से कोकेन से भरे 70 कैप्सूल बरामद किए गए, जिनमें कुल 1.068 किलोग्राम कोकेन मौजूद थी। इसकी कीमत लगभग पांच करोड़ रुपये आंकी गई है।

एयर कार्गो और यात्री सामान के जरिए हाइड्रोपोनिक गांजे की तस्करी के बड़े मामले भी सामने आए। 15 अक्टूबर को बैंकॉक से आए कार्गो में पीयू ट्यूब के प्लास्टिक स्पूल के अंदर छिपाकर रखी गई 148.675 किलो हाइड्रोपोनिक गांजे की खेप पकड़ी गई, जिसकी बाजार में कीमत करीब 52 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा 21-22 अक्टूबर को 23.220 किलो और 28 अक्टूबर को दो यात्रियों के ट्रॉली बैग से 26.670 किलो गांजा बरामद किया गया।

पार्टी ड्रग्स की बढ़ती मांग और सोने-घड़ियों की जब्ती

कस्टम अधिकारियों ने बताया कि रासायनिक प्रक्रियाओं से बनने वाली एमडीएमए (एक्स्टसी या मौली) जैसी सिंथेटिक ड्रग्स गंधहीन होती हैं और नाइट क्लबों व रेव पार्टियों में अत्यधिक उपयोग की जाती हैं। कम मात्रा में भी इनका प्रभाव काफी तीव्र होता है और गंध न होने के कारण इन्हें सामान्य जांच में पकड़ना चुनौतीपूर्ण होता है।

मादक पदार्थों के अलावा कीमती धातुओं और वस्तुओं की जब्ती भी की गई। 19 अक्टूबर को दुबई से पहुंचे यात्री के सामान में लगे फ्लोर स्प्रिंग से 3.20 किलो सोने की छड़ें मिलीं, जबकि 26 अक्टूबर को शारजाह से आए दो यात्रियों से 332 ग्राम सोने की चेन जब्त की गई। वहीं बैंकॉक से आए एक यात्री से 2.02 करोड़ रुपये के कीमती पत्थर और हांगकांग से आए यात्री से 52.55 लाख रुपये मूल्य की चार लग्जरी घड़ियां बरामद की गईं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News