Bilaspur News: बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल की औहर पंचायत में आयोजित ग्राम सभा के दौरान भारी विवाद हो गया। पूर्व प्रधान और वर्तमान प्रधान की पत्नी के बीच हाथापाई और मारपीट की नौबत आ गई। इस हंगामे के दौरान प्रधान की पत्नी बेहोश हो गईं, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ग्राम सभा में विकास कार्यों के आरोपों पर बढ़ा विवाद
औहर पंचायत भवन में ग्राम सभा की बैठक पहले शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुई थी। सभा में सभी जरूरी प्रस्ताव पारित कर दिए गए थे। इसके बाद वर्तमान प्रधान देशराज शर्मा ने पुराने कार्यकाल के विकास कार्यों का ब्योरा रखा। उन्होंने पिछले कार्यों में कथित भ्रष्टाचार और धांधली के गंभीर आरोप लगाए।
इस दौरान पूर्व प्रधान प्रेम लता ठाकुर भी बैठक में पहुंच गईं। उन्होंने अपनी बात रखने के लिए माइक मांगा तो बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और वर्तमान प्रधान की पत्नी भी मौके पर पहुंच गईं। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए।
हाथापाई के बाद प्रधान की पत्नी बेहोश, पुलिस में शिकायत
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में कथित तौर पर हाथापाई और थप्पड़बाजी होने लगी। इसी गहमागहमी के बीच वर्तमान प्रधान की पत्नी अचानक गश खाकर जमीन पर गिर गईं। घटना की सूचना मिलते ही घुमारवीं थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पंचायत परिसर में हुए इस विवाद से ग्रामीणों में रोष है।
पूर्व प्रधान प्रेम लता ठाकुर ने आरोप लगाया कि माइक मांगने पर उनके साथ बदसलूकी की गई। उनके चरित्र पर कीचड़ उछालने के साथ परिवार पर झूठे आरोप लगाए गए। उन्होंने उपप्रधान पर अभद्र व्यवहार करने और पूर्व सदस्य पर जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप भी लगाया।
पुलिस कर रही मामले की जांच, कराया गया मेडिकल
दूसरी तरफ, वर्तमान प्रधान देशराज शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधान ने उनका गला पकड़ा और माइक छीन लिया। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह बेहोश हो गईं। प्रधान ने इस संबंध में पुलिस थाने में शिकायत दी है और पत्नी का मेडिकल कराया है।
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले में एक पक्ष की तरफ से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पीड़ित महिला का मेडिकल टेस्ट करवाया है। पुलिस अब पूरे मामले की गहनता से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।