भोजपुर में शादी समारोह में घुसे हथियारबंद बदमाश, तीन दोस्तों पर अंधाधुंध फायरिंग; दो की मौत, एक घायल

Share

- Advertisement -

Bhojpur News: भोजपुर जिले के आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव में मंगलवार की देर रात शादी समारोह के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग कर दो युवकों की हत्या कर दी गई। गोली लगने से एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

गोलीबारी से समारोह में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरणगंज निवासी 18 वर्षीय राहुल कुमार और 22 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है।

वहीं, घायल युवक दौलतपुर निवासी 18 वर्षीय सोनू कुमार है। उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, घायल युवक की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त अपने मामा की बेटी की शादी में शामिल होने बीबीगंज चकिया गांव पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद हथियारबंद बदमाशों ने तीनों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से राहुल और दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू घायल हो गया।

मामा की बेटी की शादी में गए थे, पुरानी रंजिश की आशंका

घटना मंगलवार की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को घटना के पीछे पूर्व का विवाद या पुरानी रंजिश होने की आशंका है। हालांकि, गोलीबारी के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल से तीन खोखा और एक पिलेट बरामद किया गया है।

एसआईटी गठित, आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी

सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि घटना की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही है। घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News