अलीगढ़ में दहेज लोभी पति ने चाकू से गोदकर की पत्नी की निर्मम हत्या, 8 महीने की बच्ची छोड़कर फरार

Share

- Advertisement -

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में घरेलू कलह और दहेज की मांग को लेकर एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। खैर थाना क्षेत्र के मऊ गांव में आरोपी ने चाकू से हमला कर 22 वर्षीय पत्नी की जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी अपनी आठ महीने की बच्ची को छोड़कर मौके से फरार हो गया।

छोटी-छोटी बातों पर होता था घरेलू विवाद

बुलंदशहर के धामिनी गांव निवासी विमलेश की शादी दो साल पहले मऊ निवासी रवि के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद रहने लगा था। शुक्रवार दोपहर कमरे में बातचीत के दौरान अचानक कहासुनी हो गई। इसके बाद गुस्साए रवि ने चाकू से विमलेश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

विमलेश की चीख-पुकार सुनकर जब तक परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे, तब तक आरोपी वहां से भाग निकला था। आनन-फानन में परिजन खून से लथपथ विमलेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले भी अस्पताल और थाने पहुंच गए।

दहेज में बुलेट बाइक और नशे की लत का आरोप

मृतका के पिता का आरोप है कि रवि नशे का आदी था और लगातार बुलेट बाइक की मांग कर रहा था। दो महीने पहले भी उसने विमलेश पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया था। इस दुखद वारदात से आठ महीने की मासूम बेटी के सिर से मां का साया उठ गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस ने सास-ससुर को लिया हिरासत में

क्षेत्राधिकारी (सीओ) खैर अभिषेक कुमार ने बताया कि पति ने धारदार चाकू से हमला कर महिला की हत्या की है। मृतका के पिता की शिकायत पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के सास-ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि फरार पति की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News