Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में फर्जी निवेश और मुखौटा कंपनियों के जरिए 7.09 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने हर महीने पांच प्रतिशत निश्चित रिटर्न का झांसा देकर 68 निवेशकों को ठगी का शिकार बनाया। रामनगर पुलिस ने निजी निवेश कंपनी के छह निदेशकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस जांच के अनुसार यह फर्जीवाड़ा कई वर्षों तक मुखौटा फर्मों के नेटवर्क के जरिए चलाया गया। साल 2018 में मुंबई के मलाड निवासी एक वड़ा पाव विक्रेता बीमा खरीदने के दौरान गिरोह के संपर्क में आया था। पीड़ित ने शुरुआत में छोटी रकम जमा की और बाद में पांच प्रतिशत रिटर्न के भरोसे तीन लाख रुपये निवेश कर दिए।
हलफनामे पर दस्तखत का बनाया दबाव, दफ्तर बदलकर पीड़ितों को भटकाया
निवेशकों द्वारा ब्याज मांगने पर कांदिवली दफ्तर के कर्मचारियों ने भुगतान टाल दिया और रकम को निजी कर्ज बताने वाले हलफनामों पर हस्ताक्षर का दबाव बनाया। इसके बाद आरोपी कांदिवली शाखा बंद कर निवेशकों को भांडुप मुख्य कार्यालय भेजने लगे। वहां निवेशकों को रद्द चेक और फर्जी ऑनलाइन निकासी रसीदें देकर टरका दिया गया।
मुख्य आरोपी को मई 2023 में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन जमानत मिलते ही उसने डोंबिवली में नया जाल बिछाया। फंसा हुआ धन निकालने के नाम पर पीड़ितों से दोबारा निवेश कराया गया। अंततः 68 लोगों से 14 लाख से लेकर 84 लाख रुपये तक की ठगी सामने आई। पुलिस अब सभी फरार निदेशकों की तलाश में जुटी है।