Jewar News: कभी पिछड़ेपन की पहचान रखने वाला जेवर क्षेत्र अब देश-दुनिया की बड़ी कंपनियों के निवेश का नया ठिकाना बन रहा है। एस्कॉर्ट्स कुबोटा के बाद अब कृषि और निर्माण उपकरण बनाने वाली वैश्विक कंपनी सीएनएच (CNH) ने भी यमुना प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में 100 एकड़ में अपनी नई विनिर्माण इकाई का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
जिस जेवर क्षेत्र को कभी बुलंदशहर जिले और बाद में गौतमबुद्ध नगर का पिछड़ा इलाका माना जाता था, वहां अब एक के बाद एक वैश्विक कंपनियां अपनी विनिर्माण इकाइयां स्थापित कर रही हैं। कुछ समय पहले एस्कॉर्ट्स कुबोटा ने यीडा क्षेत्र में करीब तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश से अपनी इकाई की शुरुआत की थी। अब सीएनएच द्वारा 100 एकड़ में नया संयंत्र लगाने का काम शुरू होने से इस क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति मिली है।
सालाना एक लाख ट्रैक्टरों का होगा उत्पादन, 2028 तक शुरू होगा पहला चरण
सीएनएच के इस नए संयंत्र का पहला चरण वर्ष 2028 के मध्य तक चालू होने की उम्मीद है। पूरी क्षमता से संचालन शुरू होने पर कंपनी यहां सालाना एक लाख ट्रैक्टरों का उत्पादन करेगी। यहां तैयार होने वाले ट्रैक्टर घरेलू बाजार की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी निर्यात किए जाएंगे।
दोनों बड़ी कंपनियों की विनिर्माण इकाइयों के लगने से जेवर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं, परिवहन, लॉजिस्टिक्स, तकनीकी सेवाओं और छोटे उद्योगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा, जिससे पूरे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां तेज होंगी।
पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र के बाद अब यीडा बना नया केंद्र
देश में ट्रैक्टर निर्माण का मजबूत आधार लंबे समय से पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र जैसे औद्योगिक राज्यों में रहा है। पंजाब में सोनालिका, हरियाणा में एस्कॉर्ट्स कुबोटा और महाराष्ट्र में महिंद्रा जैसी कंपनियों की बड़ी मौजूदगी रही है। अब इन प्रमुख औद्योगिक समूहों का निवेश यमुना प्राधिकरण क्षेत्र तक पहुंच रहा है। एस्कॉर्ट्स कुबोटा और सीएनएच जैसी कंपनियों की इकाइयां स्थापित होने से जेवर कृषि मशीनरी निर्माण के एक बड़े केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।
वैश्विक बाजारों में भारत की भूमिका होगी मजबूत: सीईओ
नए संयंत्र के निर्माण को लेकर सीएनएच के सीईओ गेरिट मार्क्स ने कहा कि भारत कंपनी के वैश्विक विनिर्माण और प्रौद्योगिकी नेटवर्क में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यीडा में बनने वाला यह नया संयंत्र भारत की उत्पादन क्षमता और वैश्विक बाजारों में उसकी भूमिका को और मजबूत करेगा।
वहीं, सीएनएच इंडिया के अध्यक्ष नरिंदर मित्तल ने कहा कि यह नया संयंत्र ग्रेटर नोएडा स्थित कंपनी की मौजूदा विनिर्माण इकाई की क्षमता का विस्तार करेगा। उन्होंने कहा कि हमें देश के औद्योगिक और आर्थिक विकास में योगदान देने के साथ-साथ घरेलू और वैश्विक बाजारों के लिए ‘मेक इन इंडिया’ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने पर गर्व है।