Kolkata News: आईटीसी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक संजीव पुरी ने कंपनी के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि वर्ष 2035 तक देश का एफएमसीजी बाजार लगभग आठ लाख करोड़ रुपए का हो सकता है।
डिजिटल कॉमर्स और अधिग्रहण पर कंपनी का जोर
वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों को संबोधित करते हुए संजीव पुरी ने कहा कि आईटीसी अपने ब्रांड निर्माण, डिजिटल कॉमर्स के विस्तार और रणनीतिक अधिग्रहण के जरिए अपनी बाजार स्थिति को मजबूत कर रही है। देश का उपभोक्ता परिदृश्य तेजी से बदल रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रीमीयमीकरण, जेन-जेड और त्वरित वाणिज्य यानी क्विक कॉमर्स का बढ़ता ट्रेंड उपभोक्ता प्राथमिकताओं को बदल रहा है। इन बदलावों का लाभ उठाने के लिए आईटीसी एआई आधारित उपभोक्ता अंतर्दृष्टि प्रणाली का उपयोग करके नए उत्पाद विकसित कर रही है।
एफएमसीजी कारोबार में लगातार सुधार और मजबूती
आईटीसी प्रमुख ने कहा कि कंपनी का लक्षित बाजार 2035 तक आठ लाख करोड़ रुपए का होने का अनुमान है, जो विकास की बड़ी संभावनाओं को दिखाता है। वर्तमान में कंपनी के पास 30 से अधिक विश्वस्तरीय एफएमसीजी ब्रांड मौजूद हैं।
एफएमसीजी कारोबार से प्राप्त राजस्व वित्त वर्ष 2020-21 के लगभग 14,720 करोड़ रुपए से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में 24,200 करोड़ रुपए से अधिक हो गया है। इसके साथ ही कंपनी की लाभप्रदता में भी लगातार अच्छा सुधार दर्ज किया गया है।