खुदरा महंगाई सितंबर में बढ़कर 5.54 प्रतिशत पर पहुंची, खाद्य वस्तुओं और माल ढुलाई की कीमतों में तेज उछाल

Share

- Advertisement -

Delhi News: खाने-पीने के सामान के महंगे होने से खुदरा महंगाई दर सितंबर महीने में बढ़कर 5.54 प्रतिशत पर पहुंच गई। अगस्त में यह दर 4.83 प्रतिशत दर्ज की गई थी। इस अवधि में खाद्य महंगाई में भी तीव्र उछाल आया, जो 5.97 प्रतिशत से बढ़कर 7.74 प्रतिशत के स्तर पर आ गई।

ग्रामीण भारत में महंगाई का अधिक असर

आंकड़ों के मुताबिक शहरों की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में महंगाई का दबाव अधिक देखा गया। ग्रामीण इलाकों में खुदरा महंगाई 6.08 प्रतिशत और खाद्य महंगाई 8.06 प्रतिशत रही। इसके विपरीत शहरी क्षेत्रों में कुल महंगाई दर 4.88 प्रतिशत रही, जबकि वहां खाद्य वस्तुओं की महंगाई दर 7.18 प्रतिशत दर्ज की गई।

केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, रेस्त्रां और आवास सेवाएं पिछले वर्ष की तुलना में 9.36 प्रतिशत महंगी हुईं। परिवहन सेवाओं में 5.01 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जिसमें माल ढुलाई भाड़े का 15 प्रतिशत बढ़ना प्रमुख रहा। कीमती धातुओं में तेजी के कारण विविध सेवाओं के वर्ग में महंगाई 13.75 प्रतिशत रही।

रिजर्व बैंक का अनुमान और जरूरी चीजें

रिजर्व बैंक ने 7 अक्टूबर को मौद्रिक नीति में महंगाई बढ़ने की आशंका जताई थी। बैंक ने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में इसके छह प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है। आंकड़ों के अनुसार प्याज 108 प्रतिशत और चांदी के गहने 88 प्रतिशत महंगे हुए, जबकि आलू और टमाटर सस्ते हुए हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News