Delhi News: बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियनों (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिनों की देशव्यापी हड़ताल को टालने का महत्वपूर्ण फैसला लिया है। इस फैसले के बाद देश भर के सभी बैंकों में कामकाज सामान्य रहेगा।
यह फैसला इसलिए बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि यह समय बैंकों की छमाही क्लोजिंग (Half Yearly Closing) का है। हड़ताल टलने के बाद अब 28 से 30 सितंबर के दौरान सभी बैंक शाखाएं खुली रहेंगी। इससे सामान्य लेनदेन कराने वाले ग्राहकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ हुई बैठक में मुख्य मांगों पर भरोसा मिलने के बाद बैंक यूनियनों ने रविवार को यह कदम उठाया। यूनियनों की प्रमुख मांगों में लंबे समय से लंबित पांच दिन का कामकाजी सप्ताह (Five-day working week) लागू करना भी शामिल है।
यूएफबीयू ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद सभी विरोध प्रदर्शन और हड़ताल के कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है। इस सहमति के बाद सोमवार से बैंक शाखाओं में नियमित कामकाज शुरू हो गया है।
सहमति के तहत बाकी सभी शनिवारों को छुट्टी घोषित करने की मांग पर विचार करने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति बनाई जाएगी। यह समिति सभी संभावित विकल्पों पर गौर करेगी और हितधारकों तथा ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखकर सर्वसम्मत समाधान निकालने का प्रयास करेगी।
इसके अलावा दोनों पक्ष स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना पर भी चर्चा करेंगे। यूनियनों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए इस योजना में आवश्यक बदलाव के प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखे जा सकते हैं।
यूनियन और आईबीए के बीच 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज बाकी बचे मुद्दों को भी जल्द से जल्द सुलझाने पर सहमति बनी है। इससे पहले हड़ताल की घोषणा के कारण बैंकों को ग्राहकों के लिए जरूरी एडवाइजरी जारी करनी पड़ी थी।
यूएफबीयू हिमाचल प्रदेश के संयोजक नरेंद्र शर्मा ने कहा कि सरकार के साथ ढाई साल पहले हुए समझौते के वादे पूरे न होने पर विरोध का रास्ता चुनना पड़ा था। अब इस हफ्ते गांधी जयंती की छुट्टी को छोड़कर अन्य दिनों में बैंक पूरी तरह खुले रहेंगे।