एअर इंडिया ने दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क के लिए फिर शुरू कीं नॉन-स्टॉप उड़ानें, बचेंगे 4 घंटे

Share

- Advertisement -

New Delhi News: एअर इंडिया ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क (जेएफके और नेवार्क) के लिए अपनी उड़ानों को फिर से नॉन-स्टॉप कर दिया है। इराक एयरस्पेस के खुलने और सुरक्षा जोखिम रेटिंग में सुधार के बाद यह फैसला लिया गया है, जिससे यात्रियों के सफर का समय करीब चार घंटे घट जाएगा।

एअर इंडिया ने बुधवार से दिल्ली और मुंबई से अमेरिका के न्यूयॉर्क (जेएफके) और नेवार्क (ईडब्ल्यूआर) के लिए संचालित होने वाली अपनी उड़ानों को पुनः नॉन-स्टॉप सेवा में परिवर्तित कर दिया है। इससे पहले इन रूट्स पर संचालित विमानों को रोम (फ्यूमिसीनो) में तकनीकी ठहराव (फ्यूलिंग स्टॉप) लेना पड़ रहा था, जिससे यात्रा का कुल समय लगभग 20 घंटे तक पहुंच गया था। अब नॉन-स्टॉप उड़ानें शुरू होने से यात्री 15 से 16 घंटे में अपना सफर तय कर सकेंगे।

एयरलाइन की ऑपरेशंस टीम के अनुसार, पश्चिम एशिया में इराक, सीरिया और जॉर्डन के एयरस्पेस की सुरक्षा जोखिम रेटिंग में कमी आई है। इसके चलते अपेक्षाकृत छोटा और सुरक्षित हवाई मार्ग उपलब्ध हो गया है। परिणामस्वरूप, दिल्ली-ईडब्ल्यूआर, दिल्ली-जेएफके, मुंबई-ईडब्ल्यूआर और मुंबई-जेएफके मार्गों पर रोम में दिया जाने वाला स्टॉप तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है।

एयरस्पेस प्रतिबंध और तकनीकी ठहराव की पृष्ठभूमि

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान का एयरस्पेस अप्रैल से बंद रहने के कारण दिल्ली से पश्चिम की ओर जाने वाले विमानों का रूट पहले ही लंबा हो गया था। इसके बाद अमेरिका-ईरान तनाव के चलते ईरान, इराक और आसपास के एयरस्पेस बंद होने से उड़ानों में ईंधन भरने के लिए रोम का स्टॉप जोड़ना अनिवार्य हो गया था। हालांकि ईरान का हवाई क्षेत्र अब भी बंद है, लेकिन इराक एयरस्पेस के इस्तेमाल की अनुमति मिलने से एयरलाइन को यह मार्ग सुगम बनाने में सफलता मिली है।

विमानन विशेषज्ञों और पायलटों का कहना है कि पाकिस्तान एयरस्पेस बंद होने से विमानों पर लोड पेनल्टी (ईंधन प्रबंधन के लिए यात्रियों या कार्गो की सीमित संख्या) अभी भी लागू रहेगी। अनुमान है कि नवंबर और दिसंबर में ये सेवाएं पूरी तरह नॉन-स्टॉप रहेंगी। हालांकि, जनवरी माह में विपरीत हवाओं की गति तेज होने और पेलोड अधिक रहने की स्थिति में अस्थायी रूप से दोबारा फ्यूलिंग स्टॉप की आवश्यकता पड़ सकती है। स्थिति सामान्य होने पर एयरलाइन उत्तरी अमेरिका के लिए उड़ानों की संख्या और क्षमता में विस्तार की योजना बना रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News