Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि बीजेपी में चुनाव के बाद मुख्यमंत्री का चयन होता है और वर्तमान में उनका एकमात्र लक्ष्य 2027 में पार्टी की सरकार बनाना है।
उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हाल ही में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा मुख्यमंत्री पद को लेकर दिए गए बयान के बाद अब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है। एक साक्षात्कार के दौरान जब उनसे मुख्यमंत्री पद की दावेदारी और उत्तर प्रदेश में कुर्मी समाज से मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांगों पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि जाति आधारित राजनीति अन्य दलों का विषय हो सकती है, लेकिन बीजेपी ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम करती है।
पंकज चौधरी ने कहा कि बीजेपी समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व करती है और पार्टी में मुख्यमंत्री का चेहरा चुनावों के बाद ही तय किया जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि फिलहाल संगठन का मुख्य उद्देश्य पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है।
‘मछली की आंख की तरह 2027 में सरकार बनाना ही लक्ष्य’
सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में लंबे अनुभव के बाद मुख्यमंत्री पद की व्यक्तिगत आकांक्षा से जुड़े सवाल पर पंकज चौधरी ने खुद को केवल पार्टी का एक अनुशासित कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें पहले ही केंद्र सरकार में मंत्री पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप रखी है। वर्तमान में उनका ध्यान मछली की आंख की तरह केवल एक ही लक्ष्य पर टिका है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी किस प्रकार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाए।
सीएम चेहरे को लेकर पार्टी नेताओं के रुख पर चर्चा
उत्तर प्रदेश की राजनीति में पिछले कुछ समय से 2027 के चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ समय पूर्व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी स्पष्ट किया था कि व्यक्तिगत इच्छा होना स्वाभाविक है, लेकिन मुख्यमंत्री के चयन की एक संवैधानिक व संगठनात्मक प्रक्रिया होती है। चुनाव जीतने के बाद विधायक दल की बैठक होती है, नेता चुना जाता है और केंद्रीय नेतृत्व उस पर अंतिम मुहर लगाता है।
हाल के समय में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरों के बाद भी 2027 के नेतृत्व को लेकर संगठनात्मक स्तर पर चर्चाएं बनी हुई हैं। पंकज चौधरी के इस ताजा बयान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बीजेपी का पूरा ध्यान इस समय नेतृत्व की बहस में उलझने के बजाय चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती पर केंद्रित है।