यूपी में बड़ा हादसा, फ्लाईओवर से नीचे गिरी बोलेरो; मुरादाबाद से लौट रहे सीतापुर के चार दोस्तों की मौत

Share

- Advertisement -

Rampur News: रामपुर के शहजादनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम तेज रफ्तार बोलेरो फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। हादसे में सीतापुर के बिसवां निवासी चार दोस्तों की मौत हो गई। तीन युवकों ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि चौथे की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। मृतकों में सुनील पोरवाल, अभिषेक और निलेश की पहचान हुई है।

यूपी के मुरादाबाद से सीतापुर अपने घर लौट रहे चार दोस्त सोमवार देर शाम रामपुर में हुए भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। शहजादनगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चौथे युवक ने भी अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। एक साथ चार दोस्तों की मौत की खबर से उनके परिवारों में कोहराम मच गया।

सीतापुर के रहने वाले थे चारों

पुलिस के मुताबिक, बोलेरो (यूपी 34 बीपी 5766) मुरादाबाद से बरेली की ओर जा रही थी। इसमें चार दोस्त सवार थे। चारों सीतापुर जिले के बिसवां के रहने वाले थे। सोमवार देर शाम जब उनकी गाड़ी शहजादनगर थाना क्षेत्र में फ्लाईओवर पर पहुंची तो तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

तीन की मौके पर जबकि एक ने अस्पताल में तोड़ा दम

सूचना मिलने पर शहजादनगर पुलिस मौके पर पहुंची। बोलेरो में फंसे युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया गया। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि चौथे युवक की हालत गंभीर थी। उसे जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसकी भी जान नहीं बच सकी।

तीन की हुई पहचान, चौथा कौन अभी नहीं पता

वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर पुलिस ने युवकों की पहचान करने के साथ ही उनके परिजनों से संपर्क किया। मृतकों में सुनील पोरवाल, अभिषेक और निलेश निवासी बिसवां, जिला सीतापुर की पहचान हुई है। चौथे युवक की पहचान की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस ने सभी के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि मौके पर राहत कार्य किया जा रहा है और घटना की जानकारी परिवार वालों को दे दी गई है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News