प्रयागराज से लापता ग्राम प्रधान वृंदावन में संत प्रेमानंद के आश्रम में मिले, तलाश में जुटी थीं 13 टीमें

Share

- Advertisement -

Prayagraj News: प्रयागराज के मनसैता गांव से लगभग एक सप्ताह से लापता ग्राम प्रधान जानकीनाथ यादव को पुलिस ने वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम से सकुशल बरामद कर लिया है। परिजनों ने उनके अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया था। पुलिस की 13 टीमें और एसडीआरएफ उनकी तलाश में जुटी हुई थीं।

प्रयागराज जनपद के थरवई थाना क्षेत्र अंतर्गत मनसैता गांव के 29 वर्षीय ग्राम प्रधान जानकीनाथ यादव के अचानक लापता होने का मामला सुलझ गया है। करीब एक सप्ताह की व्यापक खोजबीन के बाद पुलिस ने उन्हें मथुरा के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम से बरामद कर लिया है।

डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार के अनुसार, इलाहाबाद उच्च न्यायालय में समीक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत उनके बड़े भाई छत्रपाल यादव ने 30 अक्टूबर को थरवई थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद 3 नवंबर को अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण कर हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए तहरीर दी गई।

13 टीमें, ड्रोन और नदी में चलाया गया था तलाशी अभियान

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने ग्राम प्रधान की खोजबीन के लिए 13 टीमें गठित की थीं। जांच के दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ की गई। ड्रोन कैमरों और डॉग स्क्वायड की मदद ली गई, साथ ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने मनसैता नदी में भी सघन खोजबीन अभियान चलाया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला था।

फोन कॉल से खुला राज, खुद आश्रम पहुंचे थे प्रधान

जांच में नया मोड़ 4 नवंबर की रात आया, जब जानकीनाथ यादव ने नया सिम कार्ड खरीदकर अपने चाचा और थरवई थाना प्रभारी को फोन किया। उन्होंने बताया कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में ठहरे हुए हैं। इसके बाद थरवई थाना पुलिस वृंदावन पहुंची और गुरुवार को उन्हें सकुशल लाकर परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस पूछताछ में ग्राम प्रधान ने बताया कि परिवार में हुई कहासुनी से नाराज होकर उन्होंने घर छोड़ दिया था। वह अपना मोबाइल फोन बंद कर कछार के रास्ते पैदल फाफामऊ पहुंचे। वहां नए कपड़े खरीदने के बाद 30 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे गंगा गोमती एक्सप्रेस से लखनऊ गए। इसके बाद लखनऊ जंक्शन से आगरा और फिर झेलम एक्सप्रेस पकड़कर मथुरा होते हुए वृंदावन के आश्रम पहुंचे थे।

Read more

Related News