Nagaur News: राजस्थान के नागौर जिले की ग्राम पंचायत टुंकलिया की नवनिर्वाचित सरपंच शैलू कंवर राजपुरोहित की मंगलवार को एयरगन के छर्रे लगने से मौत हो गई। पुलिस ने इसे एयरगन साफ करते समय हुआ हादसा बताया है, जबकि नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने हत्या की आशंका जताते हुए डीजीपी से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
राजस्थान के नागौर जिले में मेड़ता रोड-गोटन पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत टुंकलिया की नवनिर्वाचित सरपंच शैलू कंवर राजपुरोहित की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली (छर्रे) लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शैलू कंवर राजपुरोहित के परिवार में शादी समारोह चल रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार को वह घर में अपनी एयरगन की सफाई कर रही थीं, तभी अचानक एयरगन चल गई और उससे निकले छर्रे उन्हें लग गए। गंभीर रूप से घायल होने पर परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए जोधपुर लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। शव को भोपालगढ़ से गोटन लाया जा रहा है, जहां मोर्चरी में रखवाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया हादसा, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
गोटन थाना अधिकारी सुमन चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिवार में शादी समारोह था और एयरगन की सफाई के दौरान यह हादसा हुआ है। शैलू कंवर राजपुरोहित हाल ही में ग्राम पंचायत टुंकलिया की सरपंच चुनी गई थीं। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां इस असामयिक निधन से मातम पसर गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
सांसद हनुमान बेनीवाल ने डीजीपी से की निष्पक्ष जांच की मांग
दूसरी ओर, नागौर के सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि टुंकलिया की नवनिर्वाचित सरपंच शैलू कंवर राजपुरोहित की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु का दुखद समाचार मिला है। बेनीवाल के अनुसार, स्थानीय लोगों से मिली जानकारी में एक विवाद के दौरान शैलू कंवर की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है, हालांकि वास्तविक स्थिति उच्च स्तरीय पुलिस अधिकारी की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सांसद बेनीवाल ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह घटना बिना पुलिस कप्तान वाले नागौर जिले की बिगड़ी हुई कानून व्यवस्था को दर्शाती है। उन्होंने जानकारी दी कि इस गंभीर प्रकरण को लेकर उन्होंने राजस्थान के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से फोन पर बात की है और मामले की तत्काल किसी उच्च अधिकारी की निगरानी में निष्पक्ष जांच करवाने को कहा है।