महाराष्ट्र के धाराशिव में घर में लगी भीषण आग, एक ही परिवार के 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत

Share

- Advertisement -

Dharashiv News: महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में दिवाली की रात एक मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में दो बुजुर्ग, पति-पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। प्राथमिक जांच में दीये से आग लगने की आशंका जताई गई है। उधर, मुंबई में भी पटाखों की वजह से रात भर में आग लगने की 142 घटनाएं दर्ज की गईं।

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में दिवाली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक आवासीय मकान में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के समय मकान में मौजूद एक ही परिवार के छह सदस्यों की जिंदा जलने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी, दो बुजुर्ग और दो बच्चे शामिल हैं।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दिवाली पर जलाए गए दीये की चिंगारी से यह आग भड़की। लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। हालांकि, स्थानीय प्रशासन का कहना है कि आग लगने के वास्तविक और तकनीकी कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

मुंबई में पटाखों से 137 स्थानों पर भड़की आग

दूसरी तरफ, दिवाली की रात मुंबई में भी अग्निशमन विभाग को भारी मशक्कत करनी पड़ी। मुंबई फायर ब्रिगेड के अनुसार, 8 नवंबर को शहर भर से आग लगने की कुल 142 आपातकालीन कॉल्स मिलीं। इनमें से 137 घटनाएं पटाखों की चिंगारियों के कारण हुईं। राहत की बात यह रही कि त्वरित कार्रवाई के चलते मुंबई में किसी जनहानि या व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली।

विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, रात 9:00 बजे के बाद पटाखों की वजह से आग लगने की घटनाओं में अचानक तेजी देखी गई। शहर के पांच प्रमुख स्थानों पर स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए बड़े पैमाने पर दमकल कर्मियों और वाहनों को तैनात करना पड़ा।

प्रमुख इलाकों में स्तर-2 की आग, दमकल विभाग ने पाया काबू

कुर्ला पश्चिम में रात 9:28 बजे मसरानी सीएचएस स्थित हलाव ब्रिज के पास लेवल-1 की आग की सूचना मिली, जहां चार दमकल गाड़ियां और छह जंबो टैंकर भेजे गए। इसके बाद रात 9:58 बजे डोंगरी के महेश्वरी रोड पर पुलिस स्टेशन के सामने लेवल-2 की भीषण आग लगी, जिसे नियंत्रित करने के लिए 9 दमकल गाड़ियां और 11 जंबो टैंकर तैनात किए गए।

इसके अलावा, मिलिट्री रोड स्थित रॉयल एकेडमी के पास रात 10:49 बजे और मलाड के मार्वे रोड स्थित वृंदावन सोसाइटी में रात 10:51 बजे आग लगने की घटनाएं दर्ज हुईं। वहीं, रात 10:53 बजे घाटकोपर पश्चिम के किरोल विलेज स्थित स्काईलाइन एपिटोम में लेवल-2 की आग लगी, जहां 6 दमकल गाड़ियां, 4 जंबो टैंकर और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया गया।

Read more

Related News