New Delhi News: बासमती चावल बनाने वाली भारतीय कंपनी एलटी फूड्स (LT Foods) अमेरिका की पैकेज्ड फूड कंपनी एमके फूड्स होल्डिंग्स (MK Foods Holdings) का अधिग्रहण करने जा रही है। करीब 58 लाख डॉलर (लगभग 48 करोड़ रुपये) के इस सौदे से एलटी फूड्स को अमेरिकी बाजार में ‘मया कैमल’ ब्रांड के जरिए रेडी-टू-ईट श्रेणी में अपनी पकड़ मजबूत करने में मदद मिलेगी।
भारतीय खाद्य कंपनी एलटी फूड्स लिमिटेड ने बुधवार को बीएसई (BSE) और एनएसई (NSE) को इस अधिग्रहण की आधिकारिक जानकारी दी है। कंपनी अमेरिका की मशहूर पैकेज्ड फूड कंपनी एमके फूड्स होल्डिंग्स और उसकी सहायक कंपनी मया कैमल फूड्स एलएलसी को खरीदने जा रही है। इस सौदे की कुल कीमत 58 लाख डॉलर (करीब 48 करोड़ रुपये) तय की गई है।
नकद भुगतान और बिना कर्ज के होगा अधिग्रहण
कंपनी के अनुसार, यह सौदा पूरी तरह से कैश-फ्री और डेट-फ्री आधार पर होगा। एलटी फूड्स इस 58 लाख डॉलर की राशि का पूरा भुगतान नकद करेगी, जिससे कंपनी पर किसी तरह का अतिरिक्त कर्ज नहीं बढ़ेगा। इस अधिग्रहण के तहत कोई नए शेयर जारी नहीं किए जाएंगे, बल्कि 0.01 डॉलर फेस वैल्यू वाले 3,19,532.28 कॉमन स्टॉक शेयर खरीदे जाएंगे।
इसके अलावा, एलटी फूड्स ने कुछ पक्षों के साथ एक ‘अर्नआउट एग्रीमेंट’ भी किया है। इसके तहत, अधिग्रहण के बाद अमेरिकी कंपनी की बिक्री और प्रदर्शन बेहतर रहने पर तय शर्तों के अनुसार कुछ अतिरिक्त भुगतान किया जा सकता है।
क्या है एमके फूड्स और मया कैमल ब्रांड?
एमके फूड्स अमेरिका की एक प्रमुख ब्रांडेड पैकेज्ड फूड कंपनी है, जो अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी मया कैमल फूड्स एलएलसी के जरिए ‘मया कैमल’ (Maya Kaimal) नाम से उत्पाद बेचती है। यह ब्रांड मुख्य रूप से भारतीय स्वाद से प्रेरित प्रीमियम शेल्फ-स्टेबल सॉस, रेडी-टू-ईट करी और चावल आधारित उत्पाद तैयार करता है। इसकी बिक्री मुख्य रूप से अमेरिकी बाजार में होती है।
मया कैमल के राजस्व में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है:
- 31 दिसंबर 2024 तक: 15.4 मिलियन डॉलर
- 31 दिसंबर 2025 तक: 15.5 मिलियन डॉलर
- 30 सितंबर 2026 (समाप्त 12 महीने): 17.9 मिलियन डॉलर
अगले तीन महीनों में पूरी होगी प्रक्रिया
एलटी फूड्स ने बताया कि यह अधिग्रहण उसकी विकास रणनीति का हिस्सा है। इससे कंपनी को रेडी-टू-ईट, रेडी-टू-कुक और रेडी-टू-हीट बाजार में विस्तार करने में मदद मिलेगी। साथ ही, अमेरिका में पहले से स्थापित एक लोकप्रिय कंज्यूमर ब्रांड मिलने से कंपनी के मौजूदा कारोबार को भी मजबूती मिलेगी।
कंपनी के निदेशक मंडल (बोर्ड) ने 27 अक्टूबर 2026 को ही इस सौदे को मंजूरी दे दी थी, जिसके बाद 17 नवंबर 2026 को शेयर खरीद समझौते (SPA) पर हस्ताक्षर किए गए। इस डील के लिए किसी सरकारी या नियामक मंजूरी की आवश्यकता नहीं है और इसे अगले तीन महीनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि विक्रेता कंपनी का एलटी फूड्स के प्रमोटर्स या समूह से पहले से कोई संबंध नहीं है।