Karnal News: हरियाणा के करनाल में पश्चिमी यमुना नहर में 9वीं कक्षा के छात्र प्रिंस ने छलांग लगा दी। घर में पढ़ाई को लेकर हुई सामान्य कहासुनी के बाद छात्र ने यह कदम उठाया। मौके पर पहुंचे भाई के रोकने के बावजूद छात्र हाथ छुड़ाकर नहर में कूद गया। देर रात तक गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण कोई सुराग नहीं मिल सका। सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है।
करनाल के शास्त्री नगर निवासी 15 वर्षीय छात्र प्रिंस घर में हुई मामूली बातचीत के बाद अचानक नाराज होकर बाहर निकल गया। सूचना के अनुसार, परिजनों ने उसे पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए कहा था। इसके बाद वह गुस्से में पश्चिमी यमुना नहर की ओर भाग निकला।
रोकने की कोशिश करता रहा भाई, हाथ छुड़ाकर कूदा
छात्र के भाई सोनू ने बताया कि घर लौटने पर जब प्रिंस के गुस्से में बाहर जाने की बात पता चली, तो वह तुरंत उसके पीछे भागा। स्थानीय लोगों ने भी प्रिंस को नहर की ओर जाते देखा था। सोनू ने नहर की ग्रिल के पास पहुंचकर प्रिंस को पकड़ लिया और रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के बीच हुई खींचतान में प्रिंस हाथ छुड़ाकर तेज बहाव में कूद गया।
पुलिस और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन, परिजनों ने उठाए सवाल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। देर रात तक नहर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन छात्र का कोई पता नहीं चल पाया। अंधेरा बढ़ने के कारण बचाव कार्य रोकना पड़ा, जिसे सुबह फिर शुरू किया गया। इधर, पीड़ित परिजनों का कहना है कि वे स्वयं भी स्तर पर तलाश कर रहे हैं और उन्होंने मौके पर गोताखोरों व पुलिसकर्मियों की पर्याप्त मौजूदगी न होने का आरोप लगाया।
जांच अधिकारी विक्रम वालिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि छात्र की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मामले में अभी कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस उम्र के बच्चों के साथ परिजनों को दोस्ताना व्यवहार रखना चाहिए ताकि ऐसे तनावपूर्ण कदम रोके जा सकें।