Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के प्रसिद्ध कारोबारी केंद्र करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट की एक दुकान में शुक्रवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 22 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर राहत अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
राजधानी दिल्ली के प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक और व्यावसायिक केंद्र करोल बाग के गफ्फार मार्केट में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। घने बाजार में तेजी से उठती लपटों को देखकर आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। स्थिति गंभीर होते देख तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा हरकत में आई और तुरंत दमकल वाहनों को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। बाजार के संकरे और घने इलाके में आग फैलने के जोखिम को देखते हुए राहत एवं बचाव अभियान का दायरा तुरंत बढ़ाया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए घटनास्थल पर कुल 22 फायर यूनिट तैनात की गईं, जिनमें वाटर टेंडर, वाटर बाउजर और आधुनिक बचाव वाहन शामिल रहे।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चला अभियान
बचाव अभियान का नेतृत्व मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) एके मलिक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर रहकर किया। दमकल कर्मियों ने पूरी रात अथक प्रयास जारी रखा और शनिवार सुबह तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
दमकल विभाग के अनुसार, इस पूरे हादसे में किसी भी व्यक्ति के हताहत या घायल होने की कोई सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। इसके साथ ही प्रभावित दुकान को हुए आर्थिक नुकसान का विस्तृत आंकलन भी किया जा रहा है।