मध्य प्रदेश के बालाघाट में मंडई मेले का खाना खाने से 100 से अधिक बच्चे बीमार, फूड पॉइजनिंग की आशंका

Share

- Advertisement -

Balaghat News: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के हिर्री गांव में लगे मंडई मेले में चाउमीन और मंचूरियन खाने से 100 से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए। फूड पॉइजनिंग की आशंका के बीच सभी बच्चों को पहले किरनापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में शनिवार शाम एक मेले के दौरान फास्टफूड खाने से 100 से ज्यादा बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। प्रारंभिक तौर पर इस घटना को फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा है। सभी प्रभावित बच्चों का बालाघाट जिला अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच के बाद सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

मंडई मेले में फास्टफूड खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

यह घटना बालाघाट के हिर्री गांव में आयोजित मंडई मेले की है। शनिवार शाम मेला परिसर में लगे एक फास्टफूड स्टॉल से कई बच्चों ने चाउमीन और मंचूरियन खाया था। इसके कुछ ही देर बाद बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी।

मेला परिसर में एक के बाद एक दर्जनों बच्चों के बीमार पड़ने और उनकी चीख-पुकार से अफरातफरी मच गई। इतनी बड़ी संख्या में बच्चों की हालत बिगड़ती देख परिजनों में दहशत फैल गई।

किरनापुर से जिला अस्पताल रेफर किए गए बच्चे

परिजन आनन-फानन में सभी बीमार बच्चों को उपचार के लिए नजदीकी किरनापुर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने सभी बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद स्थिति को देखते हुए प्रभावित बच्चों को बेहतर इलाज के लिए बालाघाट जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां सभी का उपचार चल रहा है।

इस घटना के बाद मेले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों की नियमित जांच होनी चाहिए। प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।

Read more

Related News