Lucknow News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने एक यूट्यूब चैनल को दिए साक्षात्कार में अपने जेल के दिनों के अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि एक बार पेशी के दौरान जब उन्हें और उनके बेटे अब्दुल्ला को अलग-अलग गाड़ियों में ले जाया जा रहा था, तब उन्हें एनकाउंटर की आशंका सताने लगी थी और लगा कि यह बेटे से उनकी आखिरी मुलाकात है।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान जेल से बाहर आने के बाद लगातार मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साक्षात्कार दे रहे हैं। इसी क्रम में एक यूट्यूब चैनल को दिए गए उनके साक्षात्कार की क्लिप सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसमें उन्होंने जेल में बिताए समय के अनुभवों का जिक्र किया है।
साक्षात्कार के दौरान आजम खान ने पेशी से जुड़ा एक घटनाक्रम साझा करते हुए बताया कि एक बार अदालत में पेशी के लिए उन्हें और उनके बेटे अब्दुल्ला को अलग-अलग वाहनों में बैठाकर ले जाने की तैयारी की गई।
उन्होंने इस पर आपत्ति जताते हुए पुलिसकर्मियों से कहा था, “अलग-अलग गाड़ी क्यों, एक ही गाड़ी में ले चलो।” आजम खान के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने जवाब दिया कि आज अलग-अलग गाड़ी में ही ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा, “यह सुनने के बाद मेरे मन में तुरंत यह बात आई कि आज मेरी और मेरे बेटे की आखिरी मुलाकात है। तब उस वक्त एनकाउंटर का दौर चल रहा था।”
बेटे के जेल में साथ रहने का दर्द भी किया साझा
साक्षात्कार के दौरान जब आजम खान से जेल के भोजन और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बेहद भावुक अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह स्वयं जेल में रहने से नहीं डरे थे, लेकिन अपने बेटे को साथ जेल में देखना उनके लिए बेहद पीड़ादायक था।
अपने बेटे की शिक्षा और जेल की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए आजम खान ने कहा, “हम तो पिल्ले हैं। मेरे साथ एक पिल्ला भी था, मेरा बेटा। खुद जेल में रहने से नहीं डरा था, लेकिन एमटेक (M.Tech) किए हुए बच्चे को अपने साथ जेल में बराबर सुलाना और उससे यह सुनना कि क्या अब्बा कभी छूट भी पाएंगे, ऐसा लगता था कि किसी ने जिगर में खंजर डाल करके चीर दिया हो।”