Patna News: मोकामा के नेता अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की 25 नवंबर को होने वाली शादी की तैयारियों पर बेमौसम बारिश ने असर डाला है। उनके पैतृक गांव नदावां में मैदान की मिट्टी गीली होने से मेहमानों के हेलीकॉप्टर उतरने और घुड़दौड़ प्रतियोगिता के आयोजन में परेशानी की आशंका है।
मोकामा के नेता अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को तय है। इसके लिए उनके पैतृक गांव नदावां में बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं, लेकिन अचानक हुई बारिश ने आयोजकों की चिंता बढ़ा दी है। एक मीडिया चैनल से बातचीत में अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने अपनी ओर से शादी की पूरी तैयारी की थी, लेकिन बारिश के कारण तैयारियों पर पानी फिर गया है।
हेलीकॉप्टर लैंडिंग और घुड़दौड़ प्रतियोगिता पर पड़ा असर
अनंत सिंह ने जानकारी दी कि शादी समारोह में 16 मेहमान हेलीकॉप्टर से पहुंचने वाले हैं, जिनके उतरने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। हालांकि, बारिश के कारण जमीन की मिट्टी गीली हो गई है, जिससे अब हेलीकॉप्टर की लैंडिंग में दिक्कत आ सकती है।
इसके अलावा, समारोह के दौरान आयोजित होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी बारिश से प्रभावित हो सकती है। इस प्रतियोगिता के लिए कई घोड़े नदावां पहुंच चुके हैं और विजेता घुड़सवार को थार गाड़ी इनाम में दी जानी है। लेकिन मैदान गीला होने के कारण दौड़ कराने में कठिनाई होने की आशंका है। अनंत सिंह ने उम्मीद जताई है कि मौसम साफ होते ही तैयारियां फिर से तेज कर दी जाएंगी।
बंगाल की खाड़ी में उठे तूफान से बदला बिहार का मौसम
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के प्रभाव से बिहार के मौसम में बदलाव आया है। इसके चलते पटना, पूर्णिया और मुंगेर सहित राज्य के कई जिलों में हल्की से तेज बारिश हो रही है। सर्दी के मौसम में हुई इस बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है और मोकामा क्षेत्र में शादी की तैयारियों में भी बाधा आई है।
बड़े स्तर पर की जा रही हैं मेहमानों के स्वागत की तैयारियां
बताया जा रहा है कि नदावां में आयोजित इस विवाह समारोह में बड़ी संख्या में मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। करीब चार लाख लोगों के पहुंचने के अनुमान को देखते हुए कई एकड़ जमीन पर विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। अतिविशिष्ट मेहमानों के आगमन के लिए समारोह स्थल के पास अस्थायी हेलीपैड भी बनाए जा रहे हैं। इससे पहले तिलक समारोह में अनंत सिंह द्वारा अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये कीमत की लैंड रोवर डिफेंडर गाड़ी उपहार में दिए जाने की भी चर्चा है।