Patna News: बिहार के चर्चित पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह का विवाह बिहटा निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से तय हुआ है। आगामी 25 नवंबर को बिहटा से बरात अनंत सिंह के पैतृक गांव लदवां पहुंचेगी, जहां विवाह संपन्न होगा। शादी के बाद शिवांगी का नया ससुराल बिहटा का रामकृष्णा नगर होगा।
बिहार के मोकामा से पूर्व विधायक अनंत सिंह की सुपुत्री शिवांगी सिंह आगामी 25 नवंबर को शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। यह विवाह समारोह पटना से सटे बिहटा और मोकामा के लदवां गांव में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगा। शिवांगी सिंह का विवाह बिहटा निवासी और कमांडेंट रणविजय कुमार के पुत्र ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित कुमार के साथ तय हुआ है। इस हाई-प्रोफाइल वैवाहिक आयोजन को लेकर दोनों ही परिवारों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
बिहटा का रामकृष्णा नगर बनेगा नया आशियाना
दूल्हे ऋषिकेश कुमार ने अमेरिका के अटलांटा स्थित जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की डिग्री हासिल की है और वे लंबे समय से वहीं कार्यरत हैं। विवाह के पश्चात बिहटा का रामकृष्णा नगर शिवांगी सिंह का नया ससुराल बनेगा। वधु के स्वागत के लिए दूल्हे के परिवार द्वारा रामकृष्णा नगर में एक नया मकान तैयार कराया जा रहा है। शादी से पूर्व इस नवनिर्मित आवास में गृह प्रवेश की रस्म पूरी की जाएगी। वर्तमान में वहां स्थानीय लोगों की देखरेख में रंग-रोगन, साज-सज्जा और मिट्टी भराई का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
जनेऊ और गृह प्रवेश से शुरू होंगी रस्में
बिहटा स्थित नवनिर्मित आवास में शादी से जुड़े कई मुख्य मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विवाह के मुख्य लग्न से पहले ऋषिकेश कुमार का पारंपरिक उपनयन (जनेऊ) संस्कार इसी मकान में संपन्न होगा। वैवाहिक कार्यक्रमों के निमंत्रण पत्र बांटे जा चुके हैं। कमांडेंट रणविजय कुमार और उनके परिवार के अन्य सदस्य बिहटा पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोग और पड़ोसी भी शादी की विभिन्न व्यवस्थाओं में हाथ बंटा रहे हैं।
25 नवंबर को लदवां पहुंचेगी बरात
तय कार्यक्रम के मुताबिक, 25 नवंबर को बिहटा के रामकृष्णा नगर से बरात रवाना होगी और अनंत सिंह के पैतृक गांव लदवां पहुंचेगी। लदवां में ही वरमाला और सात फेरों की मुख्य रस्में संपन्न कराई जाएंगी। कन्या पक्ष की ओर से भी लदवां गांव में बरात के स्वागत और विवाह की रस्मों के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों के जुटने की संभावना
पूर्व विधायक अनंत सिंह के परिवार में होने वाले इस वैवाहिक आयोजन को लेकर राज्य के सामाजिक और राजनीतिक हलकों में भी चर्चा है। समारोह में राज्य के कई प्रमुख राजनेताओं, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है। स्थानीय ग्रामीण श्याम सुंदर प्रसाद, राघवेंद्र कुमार, पवन कुमार और विमलेश के अनुसार, इस वैवाहिक कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।