Hamirpur News: हमीरपुर जिले के जाहू में शनिवार देर शाम 132 केवी की हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए। प्राथमिक इलाज के बाद नाजुक हालत को देखते हुए एक युवक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि दूसरे को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
तार छुए बिना ही हाई वोल्टेज करंट के प्रभाव में आए युवक
जानकारी के मुताबिक पंजाब निवासी गुरप्रीत (17) और उत्तर प्रदेश निवासी सुखदेव (17) शाम को टहलते हुए सुनहेल खड्ड किनारे पहुंचे। वे कटाव रोकने वाले सपार पर चल रहे थे, जिसके ऊपर से हाई टेंशन लाइन गुजरती है। तारों को सीधा न छूने के बावजूद वे तेज चुंबकीय खिंचाव के प्रभाव में आ गए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, पीजीआई किया रेफर
करंट लगते ही दोनों नीचे गिर पड़े और आसपास के इलाके की बिजली गुल हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को बलद्वाड़ा अस्पताल पहुंचाया। सुखदेव को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर झुलसे गुरप्रीत को एम्स में प्राथमिक इलाज के बाद तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
बिजली विभाग ने काटी लाइन, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने मेन सप्लाई बंद कर एक बड़ा हादसा होने से टाल दिया। जाहू पुलिस चौकी प्रभारी अजय कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि घटना के सभी कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।